TRENDING TAGS :
Raebareli News: स्व. अखिलेश सिंह की 7वीं पुण्यतिथि पर जनकल्याण शिविर, साइकिलों का हुआ वितरण
Raebareli News: अमावां में आयोजित शिविर में जरूरतमंदों को 150 साइकिलें, 20 सिलाई मशीनें, ट्राईसाइकिल और चश्मे बांटे गए, स्वास्थ्य जांच के साथ दवाएं भी दी गईं।
स्व. अखिलेश सिंह की 7वीं पुण्यतिथि पर जनकल्याण शिविर, साइकिलों का हुआ वितरण (Photo- Newstrack)
Raebareli News: रायबरेली में पूर्व विधायक एवं जननायक स्वर्गीय अखिलेश सिंह की 7वीं पुण्यतिथि के अवसर पर अमावां ब्लॉक परिसर में भव्य जनकल्याण शिविर और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों लोगों ने पहुंचकर स्वर्गीय अखिलेश सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाया गया।
मौके पर लोगों की समस्याओं का कराया गया समाधान
जनकल्याण शिविर में क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याओं को सुना गया और उनका मौके पर ही त्वरित समाधान कराने का प्रयास किया गया। शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच की भी व्यवस्था की गई। इसमें मरीजों की जांच करने के साथ उन्हें मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। जरूरतमंद लोगों को 150 साइकिलें, 20 सिलाई मशीनें, ट्राईसाइकिल और चश्मे भी वितरित किए गए।
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम स्थल पर ग्राम्य विकास आवास, पंचायती राज, स्वच्छ भारत मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। शिविर के जरिए लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, अवध क्षेत्र मंत्री दिलीप यादव, सलोन विधायक अशोक कोरी, प्रयागराज उत्तर विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, फूलपुर विधायक दीपक पटेल, पूर्व सांसद रितेश पांडेय, पूर्व विधान परिषद सदस्य राजा राकेश प्रताप सिंह और पूर्व विधायक रामलाल अकेला मौजूद रहे।
इसके अलावा धीरेन्द्र बहादुर सिंह, राजाराम त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील शर्मा, बीबीडी ग्रुप के अध्यक्ष विराज सागर दास, कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन विवेक विक्रम सिंह, अशोक रामपुरी, प्रभात साहू और डॉ. चम्पा श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और क्षेत्रवासी कार्यक्रम में शामिल हुए।
जनसेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अखिलेश सिंह ने जनसेवा के लिए जो आदर्श स्थापित किए थे, उन्हें आगे भी जनकल्याण के कार्यों के जरिए आगे बढ़ाया जाता रहेगा। पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित इस शिविर में जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने के साथ लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।


