TRENDING TAGS :
Raebareli News: स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 11 एक्सरे टेक्निशियनों की तैनाती
Raebareli News: रायबरेली की सीएचसी में 11 एक्सरे टेक्निशियनों की तैनाती से एक्सरे सेवा जल्द शुरू होगी, ग्रामीण मरीजों को जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
सीएमओ डॉक्टर मनोज शुक्ला रायबरेली
Raebareli News: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से रायबरेली जिले को 11 एक्सरे टेक्निशियन उपलब्ध कराए गए हैं। इनकी तैनाती के बाद जिले की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में लंबे समय से प्रभावित एक्सरे सेवा को गति मिलने की उम्मीद है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि जिले को 11 एक्सरे टेक्निशियन मिले हैं। इनके आने से अब लगभग सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एक्सरे का कार्य शुरू कराया जा सकेगा।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को जांच के लिए जिला अस्पताल या निजी केंद्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अब तक कई सीएचसी में एक्सरे मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद तकनीकी स्टाफ की कमी के कारण मरीजों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था। मरीजों को सामान्य एक्सरे के लिए भी दूर जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होते थे। नई तैनाती के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। सीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि एक्सरे टेक्निशियनों की उपलब्धता के बाद संबंधित सीएचसी में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराकर एक्सरे सेवा को सुचारु किया जाएगा।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि सीएचसी स्तर पर एक्सरे सुविधा उपलब्ध होने से दुर्घटना, हड्डी संबंधी समस्या समेत विभिन्न बीमारियों की जांच में तेजी आएगी। मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट मिलने से उपचार भी जल्द शुरू किया जा सकेगा। सरकार के इस कदम को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में लगभग सभी सीएचसी में एक्सरे सुविधा शुरू होने से ग्रामीण मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर जांच सुविधा मिल सकेगी।


