TRENDING TAGS :
Raebareli News: रायबरेली में स्कॉर्पियो डिलीवरी को लेकर बवाल, मारपीट और फायरिंग का आरोप
Raebareli News: रायबरेली के डिडौली गांव में स्कॉर्पियो की खरीदारी और डिलीवरी को लेकर विवाद में मारपीट व फायरिंग का आरोप, जयदीप समेत दो युवक घायल, पुलिस जांच का इंतजार।
Raebareli News
Raebareli News: जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम महिंद्रा स्कॉर्पियो की खरीदारी और डिलीवरी को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और कथित फायरिंग तक पहुंच गया। डिडौली गांव के पास लखनऊ–प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 पर हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में जयदीप नामक युवक समेत दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोप है कि करीब आधा दर्जन गाड़ियों से पहुंचे दबंगों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान फायरिंग होने की बात भी सामने आई है। घटना में जयदीप सहित दो युवकों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, घायलों को गोली लगी या मारपीट में चोटें आईं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक कई गाड़ियों से लोगों के पहुंचने और मारपीट शुरू होने से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।बताया जा रहा है कि रास्ते से गुजर रहे एक युवक ने घटना की सूचना त्रिपुला चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट करने के आरोपी वहां से निकल चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस के जवाब पर भी उठ रहे सवाल
इतनी गंभीर घटना के बाद हरचंदपुर पुलिस का कहना है कि शिकायत पत्र मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सरेराह मारपीट और कथित फायरिंग की घटना ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, स्कॉर्पियो की डिलीवरी को लेकर विवाद की वास्तविक वजह, मारपीट में शामिल लोगों की पहचान और फायरिंग के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कब तक आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करती है।


