TRENDING TAGS :
Raebareli News: 20 गौशालाओं में शुरू होगी अजोला खेती, पौष्टिक हरे चारे की व्यवस्था मजबूत होगी
Raebareli News: रायबरेली की 20 गौशालाओं में पायलट प्रोजेक्ट के तहत अजोला की खेती शुरू होगी। इससे गोवंशों के लिए पौष्टिक हरे चारे की उपलब्धता बढ़ेगी।
Raebareli News(Photo-Social Media)
Raebareli News: रायबरेली में गोवंशों के लिए पौष्टिक हरे चारे की व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पशुपालन विभाग ने नई पहल शुरू की है। जिले की 20 गौशालाओं में अब पायलट प्रोजेक्ट के तहत अजोला (Azolla) की खेती कराई जाएगी। इस योजना का उद्देश्य गौवंशों को पौष्टिक हरा चारा उपलब्ध कराना और चारे की लागत को कम करना है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि अजोला एक अत्यंत पौष्टिक जलीय चारा है, जिसमें प्रोटीन, विटामिन और खनिज प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। इसे भूसे के साथ मिलाकर गोवंशों को खिलाया जाएगा, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार होगा और पोषण स्तर बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि यह खेती फिलहाल जिले की 20 गौशालाओं में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की जा रही है। यदि इसके परिणाम सकारात्मक रहे तो भविष्य में इसे अन्य गौशालाओं तक भी विस्तारित किया जाएगा।
डॉ. द्विवेदी ने कहा कि अजोला की खेती कम लागत में तैयार हो जाती है और बहुत कम जगह में अधिक मात्रा में हरा चारा उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे गौशालाओं में हरे चारे की कमी दूर होगी और गोवंशों को सालभर संतुलित एवं पौष्टिक आहार मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग गोवंशों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए भी लगातार अभियान चला रहा है। जिले में अब तक 82 हजार गोवंशों का टीकाकरण किया जा चुका है। टीकाकरण अभियान का उद्देश्य गोवंशों को विभिन्न संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखना और पशुधन को स्वस्थ बनाए रखना है।
पशुपालन विभाग का मानना है कि अजोला की खेती और व्यापक टीकाकरण अभियान से जिले की गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा। विभाग इस पहल को पशुपालन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहा है, जिससे गौशालाओं का बेहतर संचालन और गोवंशों की समुचित देखभाल सुनिश्चित की जा सकेगी।


