Raebareli News: 22 वर्षीय सेना के जवान की संदिग्ध मौत, रूपामऊ स्टेशन के पास मिला शव

Raebareli News: रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास सेना के जवान का शव मिलने से सनसनी, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है

Narendra Singh
Published on: 11 Aug 2026 11:21 AM IST
Raebareli News: 22 वर्षीय सेना के जवान की संदिग्ध मौत, रूपामऊ स्टेशन के पास मिला शव
X

Raebareli Army Jawan Death News

Raebareli News: रायबरेली, मिल एरिया थाना क्षेत्र स्थित रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 22 वर्षीय सेना के जवान का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान ध्रुव पुत्र प्रवीण कुमार, निवासी जदतल, पोस्ट रलिया, थाना कसौला, जनपद रेवाड़ी (हरियाणा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ध्रुव भारतीय सेना में तैनात था और उसकी वर्तमान पोस्टिंग प्रयागराज में थी।बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ध्रुव अपने कुछ दोस्तों के साथ कहीं घूमने गया था। इसी दौरान उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी मौत कैसे हुई। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

घटना के बाद पुलिस मृतक के साथ मौजूद लोगों और अन्य संभावित गवाहों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है, ताकि घटनाक्रम की पूरी कड़ी सामने आ सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास सेना के जवान की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story