Raebareli News: भाजपा सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष की कार्यशैली पर उठाए सवाल, जांच की मांग

Raebareli News: रायबरेली में भाजपा सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष पर अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।

Narendra Singh
Published on: 13 Jun 2026 7:56 AM IST
Raebareli News: भाजपा सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष की कार्यशैली पर उठाए सवाल, जांच की मांग
X

Raebareli News

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली नगर पालिका परिषद रायबरेली में कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। भाजपा के नामित सभासद अजय सिंह और सभासद राजेश अग्रवाल ने जनपद के प्रभारी मंत्री को पत्र सौंपकर नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यों की शासन स्तर पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

प्रभारी मंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में सभासदों ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका परिषद में निर्माण कार्य, साफ-सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट तथा जलकल विभाग से जुड़े कार्यों में व्यापक अनियमितताएं बरती गई हैं। उनका कहना है कि कई विकास कार्य निर्धारित मानकों के विपरीत कराए गए हैं और भुगतान प्रक्रिया में भी गंभीर वित्तीय गड़बड़ियों की आशंका है।


पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका अध्यक्ष के परिजनों और करीबी लोगों को प्राथमिकता देते हुए टेंडर आवंटित किए जा रहे हैं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सभासदों का कहना है कि इस प्रकार की कार्यप्रणाली से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है और स्थानीय जनता में भी भारी नाराजगी व्याप्त है।

भाजपा नामित सभासद अजय सिंह ने कहा कि नगर पालिका में कराए गए विकास कार्यों की यदि निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए तो कई अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी उजागर हो सकती है। उन्होंने कहा कि जनहित और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरे मामले की शासन स्तर से जांच कराना आवश्यक है। सभासदों ने प्रभारी मंत्री से मांग की है कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस मांग के बाद नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

Next Story