TRENDING TAGS :
Raebareli News: रायबरेली में डेंगू का बढ़ा प्रकोप, स्वास्थ्य विभाग ने 20 टीमें उतारीं
Raebareli News: रायबरेली में बारिश के बाद डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। रोकथाम और निगरानी के लिए 20 टीमें तैनात की गई हैं।
Raebareli News
Raebareli News: लगातार हो रही बारिश के बाद जिले में डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मनोज शुक्ला ने बीमारी की रोकथाम और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। जिला मलेरिया अधिकारी रमेश चंद्र यादव के नेतृत्व में कुल 20 टीमें लगाई गई हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर जांच, दवा का छिड़काव और मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले में अब तक डेंगू के करीब 30 मरीज सामने आ चुके हैं। इसके अलावा एईएस के संदिग्ध और संक्रमित मरीज भी मिले हैं, जिनका स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में उपचार किया जा रहा है। मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।जिला मलेरिया अधिकारी रमेश चंद्र यादव के नेतृत्व में गठित 20 टीमों में 18 टीमें ब्लॉक स्तर पर और दो टीमें शहरी क्षेत्रों में लगाई गई हैं। इन टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर मच्छरों के लार्वा की जांच करने, लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करने और आवश्यकता के अनुसार दवा का छिड़काव कराने की जिम्मेदारी दी गई है। बारिश के बाद जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लगातार बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। प्रभावित क्षेत्रों में दवा का छिड़काव और फॉगिंग लगातार कराई जा रही है। अस्पतालों में आने वाले बुखार के मरीजों की जांच और उपचार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और कूलर, गमले, टायर तथा अन्य स्थानों पर जमा पानी को नियमित रूप से साफ करें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि डेंगू से बचाव के लिए सावधानी और जागरूकता को प्राथमिकता दें।


