TRENDING TAGS :
Raebareli News: जिला अस्पताल में अर्धविक्षिप्त व्यक्ति से कथित अभद्रता, वीडियो वायरल
Raebareli News: रायबरेली जिला अस्पताल में सफाई कर्मचारी पर अर्धविक्षिप्त व्यक्ति से कथित अभद्रता का आरोप। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच के आदेश दिए।
Raebareli News: जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात एक महिला सफाई कर्मचारी का कथित अमानवीय व्यवहार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के बाद चर्चा का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में महिला सफाई कर्मचारी एक अर्धविक्षिप्त व्यक्ति के साथ अभद्र व्यवहार करती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में वह उसे लात मारते हुए और गाली-गलौज करते हुए नजर आ रही है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटना सामने आने से लोगों में नाराजगी है और अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो जिला अस्पताल की इमरजेंसी का है, जहां इलाज और मानवीय संवेदनाओं की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। ऐसे में एक असहाय और अर्धविक्षिप्त व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार लोगों को झकझोर देने वाला बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मामले को लेकर जब जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में किसी भी मरीज या व्यक्ति के साथ अभद्रता अथवा अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


