Raebareli News: अगस्त माह का मुफ्त राशन वितरण शुरू, 5 से 18 अगस्त तक मिलेगा गेहूं और फोर्टिफाइड चावल

Raebareli News: रायबरेली में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अगस्त 2026 का मुफ्त राशन वितरण शुरू हो गया है। पात्र लाभार्थियों को 5 से 18 अगस्त तक उचित दर दुकानों से गेहूं और फोर्टिफाइड चावल ई-पॉस मशीन के माध्यम से वितरित किया जाएगा।

Narendra Singh
Published on: 5 Aug 2026 4:33 PM IST
Raebareli News: अगस्त माह का मुफ्त राशन वितरण शुरू, 5 से 18 अगस्त तक मिलेगा गेहूं और फोर्टिफाइड चावल
X

Raebareli News: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत जनपद रायबरेली में माह अगस्त 2026 के निःशुल्क राशन वितरण की शुरुआत 5 अगस्त से हो गई है। यह अभियान 18 अगस्त 2026 तक चलेगा। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर जिले के सभी उचित दर की दुकानों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को ई-वेइंग लिंक्ड ई-पॉस मशीनों से पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न वितरित किया जाएगा।

जिला प्रशासन के अनुसार अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड 14 किलोग्राम गेहूं और 21 किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल, यानी कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा। वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट 2 किलोग्राम गेहूं और 3 किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल, यानी कुल 5 किलोग्राम खाद्यान्न मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा।प्रशासन ने वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए सभी उचित दर दुकानों पर खाद्यान्न की उपलब्धता, ई-पॉस मशीनों की कार्यशीलता और भौतिक सत्यापन सुनिश्चित कराया है। साथ ही प्रत्येक दुकान पर नोडल एवं पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो वितरण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सभी उपजिलाधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वितरण अवधि में कोई भी पात्र लाभार्थी राशन पाने से वंचित न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कालाबाजारी, घटतौली या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे 5 से 18 अगस्त के बीच अपनी संबंधित उचित दर की दुकान पर पहुंचकर निर्धारित मात्रा में निःशुल्क राशन अवश्य प्राप्त करें।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story