Raebareli News: गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन की मौत, पांच गंभीर

Raebareli Accident News:: रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर से टकराई, तीन की मौत और पांच लोग गंभीर घायल।

Narendra Singh
Published on: 27 May 2026 8:16 AM IST
Raebareli News: गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन की मौत, पांच गंभीर
X

 Raebareli Ganga Expressway Accident News ( Image Credit- Social Media)

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जहां सलोन थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही एक किशोरी व दो महिलाओं समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

​दिल्ली से जौनपुर लौट रहा था परिवार

​मिली जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग दिल्ली से अपने गृह जनपद जौनपुर लौट रहे थे। परिवार खुशी-खुशी घर वापसी के सफर पर था, लेकिन गंगा एक्सप्रेसवे पर रसूलपुर गांव के पास काल बनकर खड़े एक ट्रैक्टर ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया। रफ्तार तेज होने के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे ट्रैक्टर में जा घुसी।

​घायलों को प्रतापगढ़ के अस्पताल में कराया भर्ती

​हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में सभी पांच गंभीर रूप से घायलों को नजदीकी प्रतापगढ़ के सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

​मौके पर भारी पुलिस बल तैनात: घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सलोन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही घायलों की स्थिति का जायजा लेने और कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस टीम सीएचसी संग्रामगढ़ में भी मौजूद है।

​परिजनों में मचा कोहराम

वहीं ​इस भीषण दुर्घटना की खबर जैसे ही मृतकों और घायलों के परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। हंसते-खेलते परिवार का सफर इस तरह अधूरे रास्ते में खत्म हो जाएगा, इसका किसी को अंदाजा नहीं था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रैक्टर की लापरवाही को लेकर भी जांच की जा रही है।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story