Raebareli News: रायबरेली में ग्राम प्रधानों का बढ़ा अधिकार, अब प्रशासक बन संभालेंगे गांव की कमान

Raebareli News : रायबरेली की 980 ग्राम पंचायतों में प्रधान अब प्रशासक बनकर संभालेंगे जिम्मेदारी, सरकार के फैसले से खुशी

Narendra Singh
Published on: 26 May 2026 8:28 AM IST
Raebareli News: रायबरेली में ग्राम प्रधानों का बढ़ा अधिकार, अब प्रशासक बन संभालेंगे गांव की कमान
X

Raebareli News ( Image Credit- Social Media)

​Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले की 980 ग्राम पंचायतों के लिए सोमवार की आधी रात का समय एक बड़े बदलाव का गवाह बना। तय समय सीमा के अनुसार, सोमवार रात 12 बजे मौजूदा ग्राम प्रधानों का पांच साल का कार्यकाल समाप्त हो गया है। अमूमन कार्यकाल खत्म होने के बाद गांवों में विकास कार्य ठप न हों, इसके लिए सरकारी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी जाती थी। लेकिन इस बार उत्तर प्रदेश सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए निवर्तमान प्रधानों को ही बड़ी राहत दी है। अब ये प्रधान ही प्रशासक के रूप में अपने-अपने गांवों की कमान संभालेंगे।

सीएम योगी ने दिखाई हरी झंडी

​उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग के इस विशेष प्रस्ताव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी हरी झंडी दे दी है। इस फैसले के बाद पहली बार ग्राम पंचायतों में एक 'प्रशासक समिति' का गठन किया जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदेश में अब विधानसभा चुनाव 2027 के संपन्न होने के बाद ही नए सिरे से पंचायत चुनाव कराए जाएंगे और पंचायतों का गठन होगा। इसी लंबी अवधि को देखते हुए सरकार ने 26 मई से प्रभावी होने वाली इस व्यवस्था को मंजूरी दी है, ताकि गांवों के विकास की रफ्तार धीमी न पड़े।

इस बार ​क्या बदला?

पिछले रिकॉर्ड को देखें तो प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने के बाद आमतौर पर सहायक विकास अधिकारी (एडीओ पंचायत) को प्रशासक नियुक्त किया जाता था। लेकिन इस बार पूरी जिम्मेदारी मौजूदा प्रधानों के कंधों पर ही टिकी रहेगी। अगला चुनाव होने तक गांवों के सभी विकास कार्य और वित्तीय फैसले यही प्रधान (अब प्रशासक) लेंगे।

​इस अभूतपूर्व फैसले की खबर मिलते ही रायबरेली के प्रधानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कई ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है। मामले पर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) सौम्यशील सिंह ने बताया कि सोमवार को प्रधानों का मूल कार्यकाल समाप्त हो चुका है। शासन से आधिकारिक पत्र और गाइडलाइंस मिलते ही प्रधानों को औपचारिक रूप से प्रशासक नियुक्त करने की प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से पूरी कर ली जाएगी।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story