रायबरेली में विकास की मिठास: ₹10.5 करोड़ का शहद उत्कृष्टता केंद्र, किसानों की बढ़ेगी आय

Raebareli News: रायबरेली के शिवगढ़ में ₹10.5 करोड़ का शहद उत्कृष्टता केंद्र स्थापित, किसानों को आधुनिक तकनीक और आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।

Narendra Singh
Published on: 16 Jun 2026 3:09 PM IST
रायबरेली में विकास की मिठास: ₹10.5 करोड़ का शहद उत्कृष्टता केंद्र, किसानों की बढ़ेगी आय
X

Raebareli News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष, उत्तर प्रदेश सरकार के "9 साल विश्वास के" तथा उद्यान विभाग के 51 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रयागराज मंडल में आयोजित "औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी" में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की ओर से उद्यानिकी और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान मंत्री एवं रायबरेली के जनप्रतिनिधि दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद के शिवगढ़ ब्लॉक में ₹10.5 करोड़ की लागत से "शहद उत्कृष्टता केंद्र" (हनी एक्सीलेंस सेंटर) की स्थापना की गई है। यह केंद्र शहद उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा शहद उत्पादक राज्य बनकर उभरा है। ऐसे में किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर शहद के वैल्यू एडिशन (मूल्य संवर्धन) और आधुनिक प्रोसेसिंग इकाइयों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उत्कृष्टता केंद्र के माध्यम से किसानों को तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण तथा प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

इस अवसर पर रायबरेली जनपद में विकास कार्यों को भी नई गति मिली। मंत्री ने बताया कि जिले में दो बड़ी मंडियों, 18 छोटी मंडियों तथा गुरु गोविंद सिंह पार्क सहित लगभग ₹43 करोड़ (₹4,300 लाख) की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

गोष्ठी में उद्यानिकी क्षेत्र के आधुनिकीकरण, किसानों की आय दोगुनी करने और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

Next Story