TRENDING TAGS :
Raebareli News: अवैध खनन पर चला प्रशासन का चाबुक, 28 वाहन सीज, मचा हड़कंप
Raebareli News: रायबरेली में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 28 वाहन सीज कर लगाया जुर्माना।
Raebareli News
Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। यहां जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के कड़े रुख के बाद बीती रात अवैध परिवहन करने वालों पर प्रशासन का चाबुक चला है। जिसके तहत जिले में 28 वाहन सीज करते हुए 10 लाख तक का जुर्माना लगाया गया है। वहीं अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे जिले के खनन माफियाओं और वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया है।
संयुक्त टास्क फोर्स की बड़ी छापेमारी
अवैध कारोबार को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर एक विशेष संयुक्त टास्क फोर्स का गठन किया गया था।उपजिलाधिकारी (SDM) एवं क्षेत्राधिकारी (CO)महराजगंज, लालगंज, डलमऊ और खनन अधिकारी सुरेश लकड़ा की अगुवाई में टीम ने बीती रात बछरावां, लालगंज और डलमऊ क्षेत्रों में एक साथ मोर्चा संभाला। इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने अवैध खनन सामग्री से लदे वाहनों को चारों तरफ से घेर लिया।
28 वाहन सीज, 10 लाख से अधिक का जुर्माना
यहां जांच के दौरान टीम ने पाया कि ज्यादातर वाहन बिना किसी वैध कागजात के सड़कों पर दौड़ रहे थे और उनमें क्षमता से कहीं अधिक (ओवरलोड) सामग्री लदी हुई थी। नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ऐसे 28 भारी वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के तहत प्रशासन ने 10 लाख रुपये से अधिक का राजस्व (जुर्माना) लगाया है। प्रशासन की इस अचानक हुई घेराबंदी से वाहन स्वामियों और चालकों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
यहां जिला प्रशासन का कहना है कि, जनपद में अवैध खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों को ताक पर रखकर चलने वाले ओवरलोड और बिना कागजात के वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह लगातार और पूरी कड़ाई के साथ जारी रहेगा। वहीं इस संयुक्त कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों की अब खैर नहीं है। प्रशासन की इस मुहिम से अवैध परिवहन करने वालों की कमर टूट गई है।


