TRENDING TAGS :
Raebareli News: राम मंदिर चंदा विवाद पर गरजे सांसद किशोरी लाल शर्मा, बोले- बड़े लोगों की भी हो निष्पक्ष जांच
Raebareli News: रायबरेली में सांसद किशोरी लाल शर्मा ने राम मंदिर चंदा मामले की निष्पक्ष जांच और उच्च पदों पर बैठे लोगों की भी जांच की मांग की।
Raebareli News
Raebareli News: अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। रायबरेली स्थित तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि जो लोग भगवान राम के नाम पर सत्ता में आए, आज उन्हीं के नाम पर हुए कथित घोटाले पर जवाब देने से बच रहे हैं।
सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण की निष्पक्ष और व्यापक जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि केवल निचले स्तर के लोगों तक जांच सीमित न रहे, बल्कि उन उच्च पदों पर बैठे लोगों को भी जांच के दायरे में लाया जाए जिनकी भूमिका या जिम्मेदारी इस मामले में बनती है। उनका कहना था कि सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
प्रेस वार्ता के दौरान किशोरी लाल शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस संदेश को भी साझा किया, जो उन्होंने राजस्थान के कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से संवाद के दौरान दिया था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं और छात्रों के मुद्दों को उठा रहे हैं। विशेष रूप से नीट समेत विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है।
किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी कोटा के बाद देश के चार अन्य स्थानों पर भी छात्रों से संवाद करेंगे और सरकार से सवाल पूछेंगे कि आखिर बिना पेपर लीक के परीक्षाएं क्यों नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है और सरकार इस गंभीर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सांसद ने केंद्र सरकार से राम मंदिर चंदा मामले और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग की।


