TRENDING TAGS :
Raebareli: गदागंज के पूरे जैकी गांव में सार्वजनिक रास्ते पर करंट वाले तार का आरोप, ग्रामीणों में दहशत
Raebareli News: गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे जैकी गांव में नग्न विद्युत तार से बैरिकेडिंग, ग्रामीणों ने जताया हादसे का अंदेशा; प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
Raebareli News: रायबरेली के डलमऊ तहसील अंतर्गत गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे जैकी, मजरे धीरनपुर (पोस्ट विशुनदाशपुर) में सार्वजनिक रास्ते पर नग्न विद्युत तार लगाकर बैरिकेडिंग किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि इस तार में खुलेआम बिजली प्रवाहित की जा रही है, जिससे राहगीरों और मवेशियों की जान पर हर समय खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, वायरल हो रहे वीडियो में तार में दौड़ते करंट की चमक और उसकी आवाज स्पष्ट सुनाई दे रही है। इससे गांव में दहशत का माहौल है और लोग रास्ते से गुजरने में भी डर महसूस कर रहे हैं। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के अमित कुमार पुत्र लाल बहादुर तथा कुंवर बहादुर पुत्र देवनाथ द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर यह बैरिकेडिंग की गई है। लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम बिजली प्रवाहित करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि मानव जीवन और पशुओं के लिए भी बेहद खतरनाक है।
ग्रामीणों ने डलमऊ तहसील प्रशासन, पुलिस और विद्युत विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच कराने, बिजली आपूर्ति बंद कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन को किसी अनहोनी का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि समय रहते प्रभावी कदम उठाने चाहिए


