Raebareli News: एम्स रायबरेली व आईआईटी कानपुर में समझौता, स्वदेशी चिकित्सा तकनीक को मिलेगा बढ़ावा

Raebareli News: एम्स रायबरेली और आईआईटी कानपुर के बीच एमओयू, स्वदेशी चिकित्सा उपकरणों व नवाचार के लिए बनेगा इनक्यूबेशन सेल

Narendra Singh
Published on: 27 Nov 2026 9:23 PM IST
Raebareli News:  एम्स रायबरेली व आईआईटी कानपुर में समझौता, स्वदेशी चिकित्सा तकनीक को मिलेगा बढ़ावा
X

Raebareli News: स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक आधुनिक, प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एम्स रायबरेली ने एक बड़ी पहल की है। संस्थान ने प्रौद्योगिकी आधारित अनुसंधान, नवाचार और स्वदेशी चिकित्सा उपकरणों के विकास को बढ़ावा देने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के साथ ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत एम्स रायबरेली में इनक्यूबेशन सेल की स्थापना की जाएगी, जो चिकित्सा एवं तकनीकी क्षेत्र में नए शोध और उत्पाद विकास को प्रोत्साहित करेगी।

एम्स रायबरेली की कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य चिकित्सा विज्ञान और आधुनिक प्रौद्योगिकी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इसके माध्यम से एम्स रायबरेली की चिकित्सकीय एवं नैदानिक विशेषज्ञता और आईआईटी कानपुर की तकनीकी क्षमताओं को एक मंच पर लाया जाएगा। दोनों संस्थान मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी नई तकनीकों, स्वदेशी चिकित्सा उपकरणों और उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटोटाइप विकसित करने की दिशा में काम करेंगे।

इस साझेदारी से चिकित्सकों, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों को बहुविषयक अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र की मौजूदा चुनौतियों का समाधान खोजने और शोध के परिणामों को व्यावहारिक उपयोग में लाने में भी मदद मिलेगी। यह पहल केंद्र सरकार की आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप एवं इनक्यूबेशन संबंधी नीतियों के अनुरूप संस्थान में उद्यमशीलता और नवाचार की संस्कृति को भी मजबूत करेगी।

इस महत्वपूर्ण समझौते के सिलसिले में एम्स रायबरेली के चिकित्सकों की टीम ने आईआईटी कानपुर का दौरा किया। टीम में डॉ. गौरव उपाध्याय, डॉ. अरविंद कंचन और डॉ. अरिजीत जोतदार शामिल रहे। इनक्यूबेशन सेल के प्रभारी डॉ. सुयश के नेतृत्व में पहुंची टीम ने आईआईटी कानपुर के प्रतिनिधियों के साथ अनुसंधान, तकनीकी सहयोग और भविष्य की संयुक्त परियोजनाओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक के सकारात्मक परिणामों से दोनों संस्थानों के बीच भविष्य में संयुक्त अनुसंधान एवं नवाचार की नई संभावनाएं बनी हैं।

एम्स रायबरेली की डीन (अनुसंधान) प्रो. अर्चना वर्मा ने इस पहल को संस्थान के अनुसंधान परिवेश को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे शोध की गुणवत्ता और उसके परिणामों में उल्लेखनीय सुधार होगा।

वहीं, कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन ने कहा कि चिकित्सा एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों के बीच इस तरह का सहयोग स्वदेशी नवाचार को बढ़ावा देने, गुणवत्तापूर्ण प्रोटोटाइप विकसित करने और अनुसंधान से प्राप्त विचारों को व्यावहारिक स्वास्थ्य सेवाओं के समाधानों में बदलने में सहायक होगा। इसका सीधा लाभ मरीजों के साथ-साथ समाज को भी मिलेगा।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story