Raebareli News: योगी का राहुल गांधी पर हमला, पूर्वजों और विरासत को भूलने वाले समाज का भविष्य नहीं

Raebareli News: रायबरेली में सीएम योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्वजों और विरासत को भूलने वाले समाज का कोई भविष्य नहीं होता।

Narendra Singh
Published on: 24 Aug 2026 2:12 PM IST
Raebareli News
X

Raebareli News(Photo-Social Media)

Raebareli News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रायबरेली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस नेता और रायबरेली सांसद राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को भूल जाता है, उसका कोई भविष्य नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भारत की परंपराओं, मूल्यों और आदर्शों को भुलाकर लोगों के बीच भ्रम पैदा करने और देश के खिलाफ साजिश रचने का काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के महाराष्ट्र में दिए गए मनुस्मृति संबंधी बयान का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर देश उनसे लोकतंत्र और भारतीय परंपराओं के प्रति जवाबदेही की अपेक्षा करता है। उन्होंने कहा कि मनु को कोई माने या न माने, लेकिन भारत की काल गणना की परंपरा मनु से जुड़ी हुई है। उन्होंने कांग्रेस पर भारतीय संस्कृति और विरासत पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।

85 पैसे वाले बयान का जिक्र कर कांग्रेस पर हमला

सीएम योगी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का जिक्र किया जिसमें कहा गया था कि केंद्र से भेजे गए एक रुपये में से केवल 15 पैसे ही नीचे तक पहुंचते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाकी 85 पैसे का भ्रष्टाचार कांग्रेस और सपा के शासन में होता था। उन्होंने कहा कि आज गरीबों को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के करीब 16 करोड़ गरीबों को राशन मिल रहा है। आवास और शौचालय देने में जाति नहीं पूछी गई। युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना शुरू की गई है। उन्होंने शिक्षामित्रों के मानदेय को 18 हजार रुपये करने और प्रदेश के तीन लाख से अधिक रसोइयों का मानदेय तीन हजार रुपये किए जाने की बात भी कही।

रायबरेली के विकास का गिनाया रिपोर्ट कार्ड

मुख्यमंत्री योगी ने रायबरेली में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि बदलती हुई रायबरेली को लोगों ने खुद देखा है। उन्होंने मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां पहले उत्पादन बेहद कम था, वहीं आज यहां हजारों कोच तैयार हो रहे हैं। वंदे भारत ट्रेनों का निर्माण भी मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री में हो रहा है। उन्होंने कहा कि रायबरेली में एम्स भी अब काम कर रहा है। केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नए एम्स और आईआईटी स्थापित किए गए हैं।

राहुल गांधी पर युवाओं को भड़काने का आरोप

सीएम योगी ने राहुल गांधी पर युवाओं को भड़काने और गलत तथ्यों से गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा ने प्रदेश को लंबे समय तक उपद्रव और अव्यवस्था की ओर धकेला। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस में एक परिवार को ही सम्मान देने की परंपरा रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि पहले गरीबों की जमीन और नौकरियों पर कब्जा करने वाले लोगों का बोलबाला था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में निकलने वाली सरकारी नौकरियों में रायबरेली के युवाओं को भी अवसर मिल रहा है।

राम मंदिर और अयोध्या को लेकर कांग्रेस-सपा पर निशाना

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को पीड़ा है कि अयोध्या में राम मंदिर कैसे बन गया। उन्होंने कहा कि अवध क्षेत्र ने राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों को सम्मान मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, “जो राम का होगा, वो हमारे काम का होगा।” उन्होंने कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय की भी मंच से प्रशंसा की और कहा कि पार्टी की बेड़ियां तोड़कर राम मंदिर आने की उनकी प्रतिबद्धता की कीमत उन्हें चुकानी पड़ी।

राणा बेनी माधव और वीरा पासी के नाम पर स्मारक की घोषणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली के स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को सम्मान देने की बात कही। उन्होंने बताया कि राणा बेनी माधव बख्श सिंह के नाम पर सभागार बनाया गया है। साथ ही उन्होंने वीरा पासी के नाम पर स्मारक बनाने और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि रायबरेली की धरती के वीरों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है। वीरा पासी को 1857 के स्वतंत्रता संग्राम का वीर योद्धा बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे महान सेनानियों की स्मृति को संरक्षित किया जाएगा।

“रायबरेली के विकास में आपकी रुचि होनी चाहिए”

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर रायबरेली और अमेठी में परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को विकास चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास आज की आवश्यकता है और यही विकास अन्नदाता किसान के चेहरे पर मुस्कान लाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा सभी वर्गों के लिए योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 26 अगस्त को प्रदेश की माताओं के लिए एक महत्वपूर्ण योजना की घोषणा की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस और सपा पर तीखे राजनीतिक हमले करते हुए कहा कि भारत एक प्राचीन सभ्यता और संस्कृति वाला देश है। इसे कांग्रेस ने नहीं बनाया है और देश की एकता, अखंडता तथा विरासत से खिलवाड़ करने की किसी को अनुमति नहीं दी जा सकती।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story