TRENDING TAGS :
Raebareli News: गुरु तेग बहादुर मार्केट में काम करा रहे ठेकेदार की पिटाई, आरोपियों पर FIR दर्ज
Raebareli News: सुपर मार्केट में काम करा रहे ठेकेदार उमेश तिवारी के साथ मारपीट। व्यापारियों के विरोध पर भागे आरोपी, कान के पर्दे में आई गंभीर चोट।
Raebareli News: शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित गुरु तेग बहादुर मार्केट में सुपर मार्केट का काम करा रहे ठेकेदार उमेश तिवारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने ठेकेदार के साथ जमकर मारपीट की। घटना के दौरान मौके पर मौजूद व्यापारियों ने विरोध किया तो आरोपी वहां से फरार हो गए। मारपीट में घायल ठेकेदार को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उनके कान के पर्दे में चोट लगने की बात बताते हुए ईएनटी सर्जन को दिखाने की सलाह दी।
पीड़ित उमेश कुमार ने बताया कि वह सुपर मार्केट में निर्माण कार्य करा रहे हैं। उनका आरोप है कि काम को लेकर कुछ लोगों द्वारा आए दिन गाली-गलौज और परेशान किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि पहले भी विवाद हुआ था, लेकिन उन्होंने शिकायत नहीं की। आरोप है कि शुक्रवार को विवाद बढ़ गया और उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने अपनी जान को खतरा होने की आशंका भी जताई है।
उमेश कुमार के मुताबिक, वह अमेठी के रहने वाले हैं और यहां मजदूरों के साथ काम करा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे छह हजार रुपये भी लिए गए थे और निर्माण सामग्री गिराने तथा मजदूरों से जुड़े खर्च को लेकर भी विवाद किया जा रहा था। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने पहले भी मामले की शिकायत मनकापुर कोतवाली में की थी।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मामले को लेकर सीओ सिटी आशीष निगम ने बताया कि उन्होंने कोतवाली प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


