TRENDING TAGS :
Raebareli News: समाजसेवियों की पहल से चमकी सई नदी, शहीद स्मारक को सेल्फी पॉइंट बनाने की तैयारी
Raebareli News: डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने किया निरीक्षण। शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग और सई नदी आरती कराने के दिए निर्देश।
Raebareli News
Raebareli News: शहर क्षेत्र स्थित शहीद स्मारक के पास सई नदी में लंबे समय से जमा जलकुंभी और कूड़े-कचरे की सफाई समाजसेवियों की पहल पर कराई गई। ‘सुनिए कथा रघुनाथ समिति’ के सदस्यों द्वारा कराए गए इस सफाई कार्य की जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सराहना की और समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने शहीद स्मारक का निरीक्षण कर इसके सौंदर्यीकरण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शहीद स्मारक की मरम्मत कराने, परिसर में बेहतर एवं आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने और इसे जल्द से जल्द सुंदर सेल्फी पॉइंट के रूप में विकसित करने के निर्देश रायबरेली विकास प्राधिकरण को दिए। उन्होंने कहा कि स्मारक को आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के साथ ही यहां आने वाले लोगों के लिए आवश्यक सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाए।
सई नदी की सफाई को लेकर समिति के सदस्यों की पहल को सराहनीय बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शहर की स्वच्छता और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण में सामाजिक संगठनों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। जनसहयोग से ऐसे स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाया जा सकता है।इस अवसर पर शहीद स्मारक पर सुंदरकांड पाठ आयोजित करने और सई नदी की आरती कराने का प्रस्ताव भी रखा गया। इससे इस ऐतिहासिक स्थल को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्मारक के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए, ताकि शहीद स्मारक और सई नदी के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाकर शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जा सके।


