Raebareli News: ऊंचाहार में 11 सितंबर से महाशिवपुराण कथा, 10 को भव्य कलश यात्रा

Raebareli News: रायबरेली के ऊंचाहार में 11 से 17 सितंबर तक पंडित प्रदीप मिश्रा की महाशिवपुराण कथा, 10 सितंबर को भव्य कलश यात्रा निकालेगी 10 हजार माताएं।

Narendra Singh
Published on: 5 Sept 2026 2:32 PM IST
Raebareli News:  ऊंचाहार में 11 सितंबर से महाशिवपुराण कथा, 10 को भव्य कलश यात्रा
X

Raebareli News: ऊंचाहार में अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक परम पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी, सीहोर वाले के श्रीमुख से 11 सितंबर से 17 सितंबर तक महाशिवपुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। ऊंचाहार टोल प्लाजा के पास चड़रई में करीब 100 एकड़ के विशाल परिसर में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

कथा के शुभारंभ से एक दिन पहले 10 सितंबर को विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के अनुसार इस यात्रा में 10 हजार से अधिक माताएं और बहनें शामिल होंगी। श्रद्धालु पवित्र गोकना घाट से जल लेकर रामचंद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्रॉसिंग से कार्यक्रम स्थल तक कलश यात्रा निकालेंगे।

कलश यात्रा को ऐतिहासिक और आकर्षक बनाने के लिए हाथी, घोड़े और ऊंट भी शामिल किए जाएंगे। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराने का भी प्रयास किया जा रहा है। पुष्प वर्षा के जरिए कलश यात्रा में शामिल माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया जाएगा।

5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए इंतजाम

आयोजकों के मुताबिक कथा स्थल पर करीब 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की क्षमता वाला वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सुविधा, पेयजल और टॉयलेट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

11 सितंबर से 17 सितंबर तक प्रतिदिन अपराह्न 1 बजे से पंडित प्रदीप मिश्रा जी के श्रीमुख से महाशिवपुराण कथा की अमृतधारा बहेगी। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

कई बड़े नेताओं और हस्तियों को किया गया आमंत्रित

कार्यक्रम में प्रदेश और देश के कई बड़े नेताओं एवं गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। आयोजकों के अनुसार मुख्यमंत्री, केंद्र सरकार के मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक सहित अनेक महत्वपूर्ण लोगों के पहुंचने की संभावना है।

इसके अलावा पत्रकार जगत के प्रमुख लोगों, न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों की नामचीन हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम में आने वाले विशिष्ट अतिथियों की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story