Raebareli News: राहुल गांधी पर मानहानि का मुकदमा, PM और HM पर 'गद्दार' वाली टिप्पणी से गरमाई राजनीति

Raebareli News: राहुल गांधी के पीएम मोदी और अमित शाह पर दिए ‘गद्दार’ बयान को लेकर रायबरेली कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर, भाजपा ने जताया विरोध।

Narendra Singh
Published on: 25 May 2026 8:00 PM IST
Defamation case on Rahul Gandhi, hot politics from traitor remarks on PM and HM
X

राहुल गांधी पर मानहानि का मुकदमा, PM और HM पर 'गद्दार' वाली टिप्पणी से गरमाई राजनीति (Photo- Social Media)

Raebareli News: ​रायबरेली। लोकसभा चुनाव के बाद भी उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानों के तीर थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रायबरेली से नवनिर्वाचित सांसद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर की गई एक कथित विवादित टिप्पणी ने नया सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। इस मामले में अब राहुल गांधी की मुश्किलें कानूनी मोर्चे पर बढ़ती दिख रही हैं, क्योंकि उनके खिलाफ रायबरेली की स्थानीय अदालत में मानहानि का परिवाद दायर किया गया है।

​क्या है पूरा मामला?

​दरअसल, यह पूरा विवाद बीते 20 मई को रायबरेली के ग्राम लोधवारी में आयोजित 'बहुजन स्वाभिमान सभा' के दौरान शुरू हुआ। आरोप है कि जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद राहुल गांधी ने मर्यादा की सीमाएं लांघ दीं। उन्होंने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान कहा था:

​"जब आरएसएस (RSS) के लोग आपके घर आकर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के बारे में बात करें, तो उनसे साफ कहना कि उनका प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा गद्दार है।"

​कोर्ट पहुंचे भाजपा नेता, कहा- 'लगा गहरा आघात'

​राहुल गांधी के इस बयान के सामने आने के बाद भाजपा खेमे में भारी आक्रोश है। भाजपा नेता शकील अहमद खान ने इस टिप्पणी को बेहद आपत्तिजनक और प्रतिशोध की भावना से प्रेरित बताते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने रायबरेली के न्यायालय पंचम अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) जेएम की कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ परिवाद दायर किया है।

​शकील अहमद खान का कहना है कि राहुल गांधी ने सार्वजनिक मंच से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों और पूरी पार्टी को 'गद्दार' कहकर उनकी छवि धूमिल की है। इस बयान से उन्हें और करोड़ों कार्यकर्ताओं को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है, जिसके चलते उन्होंने यह मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है।

​दिल्ली से लखनऊ तक सियासी पारा हाई

​इस एक बयान ने पिछले छह दिनों से दिल्ली से लेकर लखनऊ तक की राजनीति को गरमा कर रख दिया है। रायबरेली में जहां एक तरफ भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी कर चुके हैं, वहीं अब यह लड़ाई कानूनी रूप ले चुकी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग और तेज होना तय है। कोर्ट इस परिवाद पर क्या रुख अपनाता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story