TRENDING TAGS :
शिवा शर्मा संदिग्ध मौत मामला: बुर्का पहनकर रायबरेली में घूमती रही 50 हजार की इनामी श्रद्धा दुबे
Raebareli News: लखनऊ के शिवा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में 50 हजार रुपये की इनामी आरोपी श्रद्धा दुबे के बुर्का पहनकर रायबरेली में करीब दो घंटे घूमने की जानकारी सामने आई है।
Raebareli News
Raebareli News: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे की गतिविधियों को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। 50 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के बाद श्रद्धा दुबे के रायबरेली पहुंचने और करीब दो घंटे तक शहर में घूमने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पहचान छिपाने के लिए श्रद्धा ने बुर्का पहन रखा था। इस दौरान वह ई-रिक्शा से शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमती रही और कुछ दूरी पैदल भी तय की।
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा दुबे रात करीब 11:29 बजे रायबरेली रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल पहुंची थी। होटल में ठहरने के लिए पहचान पत्र मांगे जाने पर वह वहां से वापस लौट गई। इसके बाद रात 11:54 बजे वह शहर के सरस चौराहे पर दिखाई दी, जहां से आगे निकल गई।सबसे बड़ा सवाल यह है कि 50 हजार की इनामी आरोपी करीब दो घंटे तक रायबरेली शहर में घूमती रही, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी?इस बीच श्रद्धा दुबे के ई-रिक्शा से आने-जाने की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। इन तस्वीरों और वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि श्रद्धा दुबे की तलाश में उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम रायबरेली में भी सक्रिय थी। इसके बावजूद वह स्थानीय पुलिस की पकड़ से दूर रही।वहीं, मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी एसटीएफ ने श्रद्धा दुबे को महाराष्ट्र के नागपुर से पकड़ लिया है।अब सवाल उठ रहा है कि आखिर श्रद्धा दुबे रायबरेली क्यों पहुंची थी, शहर में किन लोगों के संपर्क में आई और होटल से वापस लौटने के बाद कहां गई? इन सवालों के जवाब जांच में सामने आ सकते हैं।श्रद्धा दुबे की रायबरेली में मौजूदगी और उसके बाद नागपुर से पकड़े जाने की खबर ने शिवा शर्मा संदिग्ध मौत मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।


