Raebareli News: शिवा शर्मा मौत मामले में श्रद्धा दुबे की तलाश तेज, रायबरेली पहुंची लखनऊ पुलिस

Raebareli News: लखनऊ पुलिस ने रामजीपुरम स्थित आवास पर श्रद्धा दुबे के पिता और सौतेली मां से करीब दो घंटे पूछताछ की, तलाश में 10 टीमें जुटी हैं।

Narendra Singh
Published on: 19 Oct 2026 4:41 PM IST
Lucknow Police reach Rae Bareli, search for Shraddha Dubey in Shiva Sharma death case
X

 शिवा शर्मा मौत मामले में श्रद्धा दुबे की तलाश तेज, रायबरेली पहुंची लखनऊ पुलिस (Photo- Newstrack)

Raebareli News: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में मुख्य आरोपी बताई जा रही श्रद्धा दुबे की तलाश में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को लखनऊ से एसएचओ समेत कई पुलिसकर्मियों की टीम रायबरेली पहुंची। यहां शहर कोतवाली क्षेत्र के रामजीपुरम स्थित श्रद्धा दुबे के पारिवारिक आवास पर पुलिस ने उनके पिता एसपी दुबे और सौतेली मां से करीब दो घंटे तक बंद कमरे में पूछताछ की। हालांकि, इस पूछताछ में क्या जानकारी सामने आई, इसे लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

श्रद्धा दुबे की तलाश में जुटी हैं पुलिस की 10 टीमें

शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में श्रद्धा दुबे की तलाश लगातार जारी है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने उनकी खोजबीन के लिए 10 टीमें लगाई हैं, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस श्रद्धा दुबे के साथ उनकी बहन और दो अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है।

बताया जाता है कि श्रद्धा दुबे ने अपनी शुरुआती पढ़ाई रायबरेली में ही की थी। उनका पारिवारिक आवास शहर के रामजीपुरम इलाके में स्थित है। सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा दुबे बीते दिनों रायबरेली भी आई थीं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पूछताछ के बाद मीडिया के सवालों से बची पुलिस

करीब दो घंटे तक पूछताछ करने के बाद लखनऊ पुलिस की टीम आवास से बाहर निकली। इस दौरान जब मीडिया ने श्रद्धा दुबे के पिता एसपी दुबे से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने कहा, "जो लोग आए हैं, उन्हीं से बात कर लो।"

वहीं, लखनऊ पुलिस के अधिकारियों से पूछताछ और श्रद्धा दुबे की तलाश को लेकर सवाल किए गए, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद पुलिस टीम मीडिया के सवालों से बचते हुए अपनी गाड़ी मोड़कर लखनऊ के लिए रवाना हो गई।

फिलहाल श्रद्धा दुबे और अन्य लोगों की तलाश जारी है। रायबरेली में पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर है।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story