TRENDING TAGS :
Raebareli News: रायबरेली में संदिग्ध दवाओं का मामला, मेडिकल एजेंसी संचालक पर FIR
Raebareli News: रायबरेली में औषधि विभाग की जांच में कई संदिग्ध दवाएं मिलीं, रिकॉर्ड में विसंगतियों के बाद मेडिकल एजेंसी संचालक पर एफआईआर दर्ज कराई गई।
रायबरेली में संदिग्ध दवाओं का मामला, मेडिकल एजेंसी संचालक पर FIR (Photo- Newstrack)
Raebareli News: रायबरेली जिले में नकली और संदिग्ध दवाओं के कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बछरावां स्थित मिश्रा मेडिकल एजेंसी के संचालक आमोद कुमार मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एजेंसी पर नकली एंटीबायोटिक दवाओं और इंजेक्शनों के भंडारण एवं बिक्री का आरोप है।
औषधि निरीक्षक माधुरी सिंह द्वारा मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मेडिकल एजेंसी का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों को Augmentin Duo 625 की खरीद से जुड़े दस्तावेजों में बड़ी विसंगतियां मिलीं। जांच में पाया गया कि करीब 3200 पत्तों की खरीद के रिकॉर्ड और उपलब्ध दस्तावेजों में मेल नहीं था, जिससे दवाओं की खरीद-बिक्री पर संदेह गहरा गया।
इसके अलावा Kenacort Injection के पैक पर संदिग्ध प्रिंटिंग मिलने के बाद अधिकारियों ने उसका नमूना जांच के लिए भेजा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में यह नमूना निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा। इसके बाद विभाग ने मेडिकल एजेंसी से 8 अन्य संदिग्ध दवाओं के भी नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
प्राथमिक जांच में नकली अथवा संदिग्ध दवाओं के भंडारण और बिक्री की आशंका के आधार पर औषधि निरीक्षक माधुरी सिंह ने बछरावां थाने में संचालक आमोद कुमार मिश्रा के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।
एफएसडीए अधिकारियों का कहना है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, जिले में अन्य मेडिकल एजेंसियों की भी जांच तेज कर दी गई है ताकि नकली और घटिया दवाओं के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।


