डलमऊ कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Dalmau Mela 2026: रायबरेली के डलमऊ में 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान करेंगे। मेले में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यातायात के लिए प्रशासन ने किए खास इंतजाम।

Narendra Singh
Published on: 22 Nov 2026 7:27 PM IST
डलमऊ कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
X

Dalmau Mela 2026: ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी डलमऊ में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले प्रांतीय मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 23 नवंबर की शाम से मेले की शुरुआत हो जाएगी, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं के डलमऊ पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु गंगा के विभिन्न घाटों पर आस्था की डुबकी लगाकर मां गंगा की पूजा-अर्चना करेंगे और मेले का आनंद उठाने के बाद अपने घरों को रवाना होंगे।

मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मेला प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। गंगा घाटों के आसपास बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि श्रद्धालु निर्धारित रास्तों से ही घाटों तक पहुंचें और सुरक्षित तरीके से स्नान कर सकें। बैरिकेडिंग पार करने पर रोक लगाई गई है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।

वहीं, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है। पूरे मेला क्षेत्र को सेक्टरों में बांटकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और घाटों की निगरानी के लिए पुलिस बल को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और एडीएम को भी मेला क्षेत्र में जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने को कहा है।

रविवार की रात से ही डलमऊ की ओर बैलगाड़ियों का आवागमन शुरू हो गया है। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु पारंपरिक तरीके से बैलगाड़ियों पर सवार होकर मेले में पहुंचने लगे हैं। इससे मेले का पारंपरिक स्वरूप भी नजर आने लगा है।

धर्मेश त्रिवेदी ने बताया कि डलमऊ कार्तिक पूर्णिमा मेले का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व बहुत बड़ा है। इस मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। प्रशासन की तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं में भी मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story