TRENDING TAGS :
एम्स रायबरेली में मधुमेह जागरूकता सप्ताह, 170 लोगों को बताए बीमारी से बचाव के तरीके
Raebareli News: एम्स रायबरेली में मधुमेह जागरूकता सप्ताह के तहत 170 लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के जरिए बीमारी से बचाव के तरीके बताए गए।
Raebareli News: मधुमेह जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली में मधुमेह जागरूकता सप्ताह (12 से 18 नवंबर 2026) के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन के मार्गदर्शन तथा सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) भोला नाथ और एडिशनल प्रोफेसर डॉ. सौरभ पॉल के नेतृत्व में अस्पताल परिसर और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में 16 नवंबर को एम्स अस्पताल भवन के पंजीकरण क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब 70 लोगों को मधुमेह से बचाव, संतुलित आहार, भोजन की उचित मात्रा, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने स्वस्थ थाली की अवधारणा समझाते हुए भोजन में फल, हरी सब्जियां, प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ और साबुत अनाज शामिल करने की सलाह दी।
इसी दिन सीआरएचए सलोन के अंतर्गत सर्वोदय विद्यापीठ इंटर कॉलेज में 'अपने शरीर को जाने, अपने स्वास्थ्य को पहचाने' विषय पर विद्यालय स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को शारीरिक वृद्धि, पोषण, बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई), संतुलित आहार और नियमित शारीरिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया गया। चित्रों, प्रश्नोत्तरी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ के माध्यम से बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं, 17 नवंबर को भारतीय शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, खागीपुर सड़वा में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा आठ से दस तक के लगभग 100 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों से मधुमेह संबंधी पूर्व-परीक्षण प्रश्नावली भरवाई गई और स्वास्थ्य वार्ता के माध्यम से बीमारी के कारणों एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। शुगर बोर्ड और ऑयल बोर्ड के जरिए विभिन्न खाद्य पदार्थों में मौजूद चीनी और तेल की मात्रा को प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों को कोल्ड ड्रिंक, मीठे पेय पदार्थों और पैकेट बंद स्नैक्स के अत्यधिक सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत किया गया। साथ ही इनके सेवन की अनुशंसित मात्रा के बारे में भी जानकारी दी गई।
इन कार्यक्रमों में विभाग की जूनियर रेजिडेंट डॉ. प्रज्ञा वर्मा और डॉ. प्रतीक सिंह के साथ एमबीबीएस 2021 बैच के इंटर्न डॉ. सिया, डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. उत्कर्ष, डॉ. धरनी एवं डॉ. सोनाली ने सक्रिय भूमिका निभाई।
एम्स प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों और आमजन में मधुमेह सहित अन्य गैर-संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें खानपान में सुधार, नियमित शारीरिक गतिविधियों तथा अनुशासित दिनचर्या के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।


