रायबरेली में सूरज पासी ने सपा के PDA पर उठाए सवाल, बोले- क्या इसमें पासी समाज शामिल नहीं?

Raebareli News: रायबरेली में लाखन आर्मी के अध्यक्ष सूरज पासी ने सपा के PDA पर सवाल उठाते हुए पासी समाज के अधिकार, राजनीतिक हिस्सेदारी और महाराजा कंसा पासी के किले का मुद्दा उठाया।

Newstrack Network
Published on: 18 Nov 2026 5:42 PM IST
रायबरेली में सूरज पासी ने सपा के PDA पर उठाए सवाल, बोले- क्या इसमें पासी समाज शामिल नहीं?
X

Raebareli News: समाजवादी पार्टी के पीडीए में पासी समाज की भागीदारी को लेकर लाखन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी ने सवाल उठाए हैं। बुधवार को महाराजा माहे पासी और महाराजा डालदेव पासी की ऐतिहासिक धरती रायबरेली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि रायबरेली में यादव समाज के लोग पासियों की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। वहीं, बाराबंकी में एक पासी युवक की हत्या के मामले में सपा विधायक पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाया। सूरज पासी ने सवाल किया कि क्या समाजवादी पार्टी के पीडीए में पासी समाज शामिल नहीं है?

पासी समाज के मुद्दों पर सपा की भूमिका पर सवाल

सूरज पासी ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए की बात करती है, लेकिन पासी समाज से जुड़े मामलों में उसके नेताओं की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने रायबरेली में जमीन कब्जाने और बाराबंकी में हत्या के मामले का उल्लेख करते हुए सपा नेताओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पासी समाज के अधिकारों और सम्मान से जुड़े मुद्दों को भी गंभीरता से उठाया जाना चाहिए।

दरी बिछाना और कुर्सियां लगाना बंद करो, अपने समाज से नेता बनाओ

सूरज पासी ने कहा कि पासी समाज को दूसरे राजनीतिक दलों के कार्यक्रमों में दरी बिछाने और कुर्सियां लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपना नेतृत्व तैयार करना चाहिए। रायबरेली में भी समाज का ऐसा मजबूत नेतृत्व होना चाहिए, जो जरूरत पड़ने पर थाना, पुलिस और कोर्ट-कचहरी तक समाज के लोगों के साथ खड़ा हो सके।

पासी समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी का उठाया सवाल

सूरज पासी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पासी समाज की आबादी 17 से 20 प्रतिशत है, लेकिन अब तक समाज का कोई मुख्यमंत्री नहीं बना। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दूसरे समाजों को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बनने का अवसर मिल सकता है तो पासी समाज को क्यों नहीं? उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाज से अपनी राजनीतिक ताकत और पहचान समझने की अपील की।

दारू-मुर्गा और रुपये के लालच में मत बिकना

सूरज पासी ने चुनाव के दौरान शराब, भोजन और रुपये के प्रलोभन से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को अपने वोट का सौदा नहीं करना चाहिए। ऐसा करने पर अगले पांच साल फिर दबकर और सिर झुकाकर रहना पड़ेगा। उन्होंने मतदान के अधिकार का सोच-समझकर इस्तेमाल करने की बात कही।

महाराजा कंसा पासी के किले और शिव मंदिर को मुक्त कराने का संकल्प

सूरज पासी ने लखनऊ स्थित महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और उनके आराध्य भगवान शिव के मंदिर को कथित कब्जे से मुक्त कराने का संकल्प दोहराया। उन्होंने समाज से इस अभियान में एकजुट होकर सहयोग करने का आह्वान किया। सूरज पासी ने कहा कि इस ऐतिहासिक विरासत को मुक्त कराने और उसके संरक्षण के लिए वह आखिरी सांस तक संघर्ष करते रहेंगे।

अगली पीढ़ी के भविष्य के लिए शिक्षा और एकजुटता जरूरी

सूरज पासी ने कहा कि उनका संघर्ष केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए है। उन्होंने समाज से शिक्षा, एकता और संगठन पर जोर देने की अपील की। सूरज पासी ने कहा कि मधुमक्खियों की तरह एकजुट रहना होगा, क्योंकि एकता ही कामयाबी की चाबी है। उन्होंने मदारी पासी, मीरा पासी सहित समाज के महापुरुषों और वीरांगनाओं का इतिहास पढ़ने, बच्चों को शिक्षित करने तथा उनके योगदान को पाठ्यपुस्तकों में उचित स्थान दिलाने की जरूरत बताई।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story