रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी, विधानसभा चुनाव से पहले UP में बढ़ी सियासी हलचल; तय होगी बड़ी रणनीति

राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे हैं। दिशा बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के साथ कांग्रेस संगठन और 83 मामलों पर प्रशासन की कार्रवाई का फीडबैक लेंगे।

Alakha Singh
Published on: 8 Sept 2026 7:01 PM IST (Updated on: 8 Sept 2026 7:02 PM IST)
रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी, विधानसभा चुनाव से पहले UP में बढ़ी सियासी हलचल; तय होगी बड़ी रणनीति
X

Rahul Gandhi Rae Bareli Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे। विधानसभा चुनाव से पहले उनके इस दौरे को राजनीतिक लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। राहुल गांधी स्थानीय पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों से मौजूदा मुद्दों व संघठन के बारे में फीडबैक लेंगे जिससे आगे चुनाव की रणनीति तय होगी। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी पर फूलों की बारिश की और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर जिले में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। दो दिन के प्रवास के दौरान वह विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ पार्टी संगठन की स्थिति का भी जायजा लेंगे।

लाही बॉर्डर से रायबरेली तक हुआ जोरदार स्वागत

राहुल गांधी के रायबरेली पहुंचने पर लाही बॉर्डर और महाराजगंज इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ नजर आई। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर उनका स्वागत किया। महाराजगंज में भी कांग्रेस समर्थकों ने राहुल गांधी का जोरदार अभिनंदन किया।


राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान हलोर और महराजगंज में सभा करेंगे। इसके बाद वह शहर के प्रभुटाउन पहुंचेंगे। रात में भुएमऊ गेस्ट हाउस में कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है।


विकास कार्यों की नब्ज टटोलेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी बुधवार को जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति यानी दिशा (DISHA) की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में जिले में चल रहे केंद्र सरकार से जुड़े विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

राहुल गांधी वर्ष 2025 में हुई दिशा समिति की बैठक के दौरान सामने आए 83 विकास संबंधी मामलों पर प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई का फीडबैक भी लेंगे। उन्होंने इन मामलों में कार्रवाई की बात कही थी। ऐसे में इस बार वह यह जानने की कोशिश करेंगे कि प्रशासन ने उन मुद्दों पर अब तक क्या कदम उठाए हैं।

जल जीवन मिशन की स्थिति पर भी होगी चर्चा

रायबरेली में जल जीवन मिशन की स्थिति भी राहुल गांधी के एजेंडे में बताई जा रही है। ग्रामीण इलाकों में योजना के तहत हुए काम और मौजूदा स्थिति को लेकर वह जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर लोगों से जुड़े विकास और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।

संगठन की जमीनी हकीकत भी जानेंगे

राहुल गांधी के दौरे का एक अहम हिस्सा कांग्रेस संगठन से जुड़ा है। भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान वह संगठन की तैयारियों, जमीनी सक्रियता और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों का फीडबैक लेंगे।

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए रायबरेली में कांग्रेस संगठन की सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए जुटाने पर भी चर्चा हो सकती है।

विधानसभा चुनाव से पहले दौरा क्यों अहम?

रायबरेली कांग्रेस और गांधी परिवार के लिए लंबे समय से महत्वपूर्ण राजनीतिक क्षेत्र रहा है। राहुल गांधी का दो दिवसीय दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे-धीरे राजनीतिक दलों के एजेंडे में ऊपर आ रही हैं।

ऐसे में राहुल गांधी का विकास योजनाओं की समीक्षा करने के साथ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करना सिर्फ सांसद के तौर पर क्षेत्रीय दौरे तक सीमित नहीं माना जा रहा। इसे कांग्रेस की संगठनात्मक तैयारियों और आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

राहुल गांधी के दौरे से रायबरेली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी सियासी हलचल बढ़ने की उम्मीद है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story