राजनीति की महाभारत! खुद को 'कृष्ण' बताने वाले कांग्रेसी को कोर्ट का नोटिस, मायावती पर की थी टिप्पणी

Rahul Gandhi Notice: अदालत ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. उदित राज के खिलाफ नोटिस जारी किया है। यह मामला बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है।

Prashant Vinay Dixit
Published on: 8 Jan 2026 10:37 PM IST
राजनीति की महाभारत! खुद को कृष्ण बताने वाले कांग्रेसी को कोर्ट का नोटिस, मायावती पर की थी टिप्पणी
X

Rahul Gandhi Notice Court: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी को लेकर कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है। बदायूं की अदालत ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. उदित राज के खिलाफ नोटिस जारी किया है। यह मामला बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है।

क्या है पूरा मामला?

एडीजे और पॉक्सो एक्ट के स्पेशल जज पुनम सिंघल ने दोनों नेताओं को नोटिस भेजकर 29 जनवरी को अदालत में अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। मामले की शुरुआत 3 मार्च 2025 को हुई थी, जब बदायूं के निवासी, वकील और बसपा नेता जय सिंह सागर ने कोर्ट में एक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कांग्रेस प्रवक्ता उदित राज ने राहुल गांधी के इशारे पर मायावती के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान दिया था।

उदित राज का बयान

याचिका में कहा गया है कि उदित राज ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि अब मायावती का गला घोंटने का वक्त आ गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार इस बयान का उद्देश्य मायावती की छवि को धूमिल करना, सोशल मीडिया पर नफरत फैलाना और उनके समर्थकों को उकसाना था। कोर्ट में दी गई दलील में इसे मानहानिकारक और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बताया गया है। विवाद की जड़ उदित राज द्वारा 16 फरवरी को लखनऊ में दी गई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस है।

अपनों को कैसे मारें?

इसमें उन्होंने महाभारत के एक प्रसंग का उदाहरण देते हुए कहा था कि "अर्जुन ने पूछा कि अपनों को कैसे मारें? तो कृष्ण ने कहा कि न्याय के लिए अपनों को भी मार दो। आज फिर हमारे कृष्ण ने मुझे कह दिया है कि जो सामाजिक न्याय का दुश्मन है, उसे सबसे पहले मार दो। वह सिर्फ मायावती हैं, जिन्होंने सामाजिक आंदोलन का गला घोंटा, अब उनका गला घोंटने का समय आ गया है।" इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में भारी आक्रोश देखा गया था।

राहुल गांधी की भूमिका

विशेषकर बसपा समर्थकों ने इसे सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी और दलित अस्मिता पर हमला करार दिया था। शिकायतकर्ता के दावा अनुसार उदित राज ने यह सब राहुल गांधी के शह पर किया। हालांकि राहुल गांधी ने 20 फरवरी 2025 को रायबरेली दौरे के दौरान कहा था कि उन्हें दुख है कि मायावती भाजपा के खिलाफ उनके साथ नहीं लड़ीं है। राहुल ने कहा था, अगर तीनों पार्टियां (सपा, बसपा, कांग्रेस) एक हो जातीं, तो भाजपा कभी नहीं जीत पाती है।

आकाश आनंद की प्रतिक्रिया

कोर्ट में दायर वाद में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस की रणनीति के तहत ही मायावती को निशाना बनाया जा रहा है। इस विवाद पर खुद मायावती ने उदित राज का नाम लिए बिना उन्हें 'अवसरवादी' और 'स्वार्थी' करार दिया था। उन्होंने कहा था कि ऐसे लोग अपने आकाओं को खुश करने के लिए अनर्गल बयानबाजी करते हैं और उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। वहीं बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने उदित राज की गिरफ्तारी की मांग की थी।

Prashant Vinay Dixit

Prashant Vinay Dixit

Former Reporter Mail ID - prashantdixit916917@gmail.com

Prashant Vinay Dixit is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story