रिंकू सिंह-प्रिया सरोज की शादी में आ सकते हैं कौन-कौन से मेहमान? एक ही छत के नीचे सत्ता और विपक्ष! क्रिकेट और सियासत का दिखेगा संगम

Rinku Singh Priya Saroj Wedding: रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की 4 दिसंबर को लखनऊ में शादी होगी। इस शादी में राजनीति और क्रिकेट के कई दिग्गजों के आने की संभावना है। जानिए कौन-कौन आ सकता है।

Sawan Gupta
Published on: 13 Nov 2026 9:28 AM IST (Updated on: 13 Nov 2026 9:29 AM IST)
Rinku Singh Priya Saroj Wedding
X

Rinku Singh Priya Saroj Wedding 

Rinku Singh Priya Saroj Wedding Guest: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के रमाडा होटल में होने वाले इस विवाह समारोह में क्रिकेट, राजनीति और फिल्मी जगत की कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने का सिलसिला शुरू हो चुका है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है यह कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी में कौन-कौन से मेहमान शामिल हो सकते हैं।

क्रिकेट के दिग्गज होंगे शामिल?

इस शादी की खासियत यह भी है कि एक तरफ भारतीय क्रिकेट टीम के चर्चित खिलाड़ी रिंकू सिंह हैं, तो दूसरी तरफ प्रिया सरोज एक मौजूदा लोकसभा सांसद हैं। ऐसे में समारोह में खेल और राजनीति की दुनिया के दिग्गजों का जमावड़ा देखने को मिल सकता है। रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं। ऐसे में उनकी शादी में क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की चर्चा है। रिपोर्ट के मुताबिक, विराट कोहली, रोहित शर्मा, भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को शादी का निमंत्रण भेजा गया है। हालांकि, इन चारों की समारोह में मौजूदगी की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

राजनीति के दिग्गजों का भी लगेगा जमावड़ा

इस शादी की सबसे खास बात यह हो सकती है कि इसमें अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता एक साथ नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिया सरोज ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को व्यक्तिगत रूप से शादी का निमंत्रण दिया है। समाजवादी पार्टी के लोकसभा सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को भी निमंत्रण भेजा जा रहा है। इसके अलावा जय शाह, सुप्रिया सुले, नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव और किंजरापु राममोहन नायडू जैसे नाम भी आमंत्रित किए गए मेहमानों में बताए गए हैं।

CM योगी आदित्यनाथ को भी भेजा जाएगा न्योता

खबरों के मुताबिक रिंकू सिंह अपनी मां और भाई के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को व्यक्तिगत रूप से शादी का कार्ड देना चाहते हैं। इसके लिए मुलाकात का समय मांगा गया है। इसके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को भी निमंत्रण भेजे जाने की बात सामने आई है।

क्या शाहरुख खान भी रिंकू की शादी में आएंगे?

इस शादी में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की मौजूदगी को लेकर भी काफी उत्सुकता है। शाहरुख खान कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सह-मालिक हैं। रिंकू सिंह इसी फ्रेंचाइजी की ओर से IPL खेलते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, रिंकू ने पहले बताया था कि शाहरुख खान ने उनसे उनकी शादी में आने का वादा किया था। इसी वजह से उनके शादी समारोह में पहुंचने की चर्चा है।

अलीगढ़ से कितने मेहमान जाएंगे लखनऊ?

शादी में सिर्फ बड़े चेहरों की मौजूदगी ही नहीं, बल्कि रिंकू के गृहक्षेत्र अलीगढ़ से आने वाले मेहमान भी खास होंगे। अलीगढ़ से करीब 100 खास मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक परिचित शामिल हैं। जबकि अलीगढ़ से लखनऊ जाने वाली बारात में करीब 50 से 60 लोग शामिल हो सकते हैं। इसमें परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी दोस्त होंगे।

मछलीशहर के कार्यकर्ताओं को भी मिलेगा न्योता

प्रिया सरोज के संसदीय क्षेत्र मछलीशहर के लोगों को भी इस खुशी में शामिल करने की तैयारी है। माना जा रहा है कि क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए करीब 1,500 विशेष निमंत्रण कार्ड बांटे गए हैं। इससे साफ है कि शादी का आयोजन केवल पारिवारिक समारोह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों की भी भागीदारी रहेगी।

4 दिसंबर को लखनऊ में होगी शादी

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के रमाडा होटल में सात फेरे लेंगे । दोनों की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी। शादी की तैयारियों में रिंकू सिंह खुद भी परिवार के साथ जुटे हैं। उन्होंने अपनी बहन नेहा के साथ मिलकर शादी का कार्ड पसंद किया है। अब परिवार की ओर से मेहमानों तक निमंत्रण पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story