TRENDING TAGS :
Lucknow News: लखनऊ में RLD का प्रथम प्रदेश स्तरीय प्रोफेशनल मंच सम्मेलन हुआ सम्पन्न
राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश का प्रथम प्रदेश स्तरीय प्रोफेशनल मंच सम्मेलन आज प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुआ।
Lucknow News: Photo-News Track
Uttar Pradesh News: राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश का प्रथम प्रदेश स्तरीय प्रोफेशनल मंच सम्मेलन आज प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुआ। इस सम्मेलन की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अंबुज पटेल ने की। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि त्रिलोक त्यागी, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) राष्ट्रीय लोकदल द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल के संस्थापक स्व. चौधरी चरण सिंह और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्व. अजीत सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रोफेशनल मंच को बढ़ावा देने का आह्वान
मुख्य अतिथि त्रिलोक त्यागी ने कहा कि प्रोफेशनल मंच राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा और नीतियों को समाज के उस वर्ग तक पहुँचाने का प्रभावशाली माध्यम बनेगा, जो शिक्षा, तकनीक और पेशेवर क्षमता से समाज का मार्गदर्शन करता है। डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, शिक्षक, चार्टर्ड अकाउंटेंट और अन्य बुद्धिजीवी वर्ग पार्टी की रीढ़ हैं और इनकी भागीदारी से संगठन और मजबूत होगा।
त्रिलोक त्यागी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से प्रेरणा लेने की बात की और कहा कि जिस प्रकार आज़ादी के सेनानियों ने व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्रहित के लिए बलिदान दिया, हमें भी उसी तरह समाजहित के लिए काम करना होगा। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर देते हुए कहा, महिलाओं की भूमिका से यह मंच नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त करेगा। जब महिलाएं आगे आती हैं, तो हमारी आवाज समाज के हर हिस्से तक पहुँचती है।
शिक्षित वर्ग की भागीदारी से पार्टी और अधिक जनोन्मुखी बनेगी
राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने कहा प्रोफेशनल मंच संगठन की रीढ़ साबित होगा। युवा प्रोफेशनल्स और शिक्षित वर्ग की भागीदारी से पार्टी और अधिक जनोन्मुखी बनेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अंबुज पटेल ने सभी अतिथियों और पदाधिकारियों का आभार जताया और कहा कि यह मंच डॉक्टरों, वकीलों, शिक्षकों, इंजीनियरों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और अन्य प्रोफेशनल वर्ग को जोड़कर पार्टी की नई धुरी बनेगा।
उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि जयंत चौधरी के नेतृत्व और त्रिलोक त्यागी के मार्गदर्शन में प्रोफेशनल मंच उत्तर प्रदेश में नई पहचान बनाएगा और हर वर्ग की आवाज़ को राजनीतिक मंच तक पहुँचाने का कार्य करेगा। वहीं प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि सम्मेलन में प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक बन सका।
सम्मेलन में प्रमुख पदाधिकारी हुए शामिल
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष रजनीकांत मिश्र, प्रभारी संतोष यादव, प्रदेश कोषाध्यक्ष बीएल प्रेमी, राष्ट्रीय सचिव श्रीश श्रीवास्तव और अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।


