TRENDING TAGS :
UPPSC RO ARO Exam: यूपी में कड़ी सुरक्षा के बीच आरओ-एआरओ परीक्षा संपन्न, 2382 केंद्रों पर एक ही पाली में हुआ एग्जाम
UPPSC RO ARO Exam: यूपी के 75 जिलों में आरओ-एआरओ परीक्षा के लिए कुल 2,382 केंद्र बनाए गए। परीक्षा सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर अपरान्ह 12.30 बजे तक आयोजित हुई।
UPPSC RO ARO Exam
UPPSC RO ARO Exam: उत्तर प्रदेश में सभी 75 जनपदों में रविवार को यूपीपीएससी की ओर से आरओ-एआरओ परीक्षा आयोजित की गयी। यूपीपीएससी के इतिहास में यह पहली बार है जब आरओ-एआरओ परीक्षा को एक ही पाली में संपन्न कराया गया। इससे पूर्व यह परीक्षा दो पालियों में होती है। पहली पाली में सामान्य अध्ययन और दूसरी पाली में हिंदी विषय की परीक्षा होती है। यूपी के 75 जिलों में आरओ-एआरओ परीक्षा के लिए कुल 2,382 केंद्र बनाए गए। परीक्षा सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर अपरान्ह 12.30 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा केंद्रों पर फेस रिकग्नीशन, बायोमेट्रिक सत्यापन के साथ ही कड़ी निगरानी के बीच परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया।
औरैया में आरओ/आरओ परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न
औरैया जिले में रविवार को जनपद में आरओ/एआरओ परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन माहौल में सम्पन्न हुई। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराने के लिए सख्त इंतजाम किए गए थे। कुल 18 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें कुल 7,776 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें पुरुषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं।
प्रशासन ने परीक्षा की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया था। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट और साइबर कैफे बंद कराए गए। प्रत्येक केंद्र पर प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। मोबाइल फोन, घड़ी, कैलकुलेटर सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित था। यहां तक कि परीक्षार्थियों के हाथ में पहने ब्रैसलेट और धूप के चश्मे भी जमा कराए गए। ताकि परीक्षा के दौरान कोई गड़बड़ी न हो सके।हर परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और निगरानी के लिए 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 18 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक और पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की गई, ताकि परीक्षा निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा की बिगड़ी तबीयत
इस बीच, दिबियापुर के वैदिक इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा दीक्षा गौर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्थिति को समझते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट ने मानवीय संवेदनाएं दिखाते हुए तुरंत अपनी सरकारी गाड़ी से छात्रा को सीएचसी दिबियापुर भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा फिर से परीक्षा केंद्र लौटी और परीक्षा में सम्मिलित हुई। प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं और संवेदनशीलता ने परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को संतोषजनक वातावरण प्रदान किया। कुल मिलाकर यह परीक्षा पूर्णतः व्यवस्थित, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
चंदौली में RO/ARO प्रारंभिक परीक्षा सकुशल संपन्न:
निष्पक्षता और शुचिता बनी पहचान
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 आज चंदौली जनपद में सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के कुशल मार्गदर्शन और निरंतर निगरानी में यह परीक्षा पूरी तरह से पारदर्शी, नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। जनपद के सभी 25 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थियों का आगमन शुरू हो गया था, जिससे परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने व्यक्तिगत रूप से परीक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी की। उनके नेतृत्व में, प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोका जा सके। परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, कड़ी तलाशी प्रक्रिया और प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती ने एक भयमुक्त और निष्पक्ष वातावरण तैयार किया। यह प्रशासनिक दक्षता का ही परिणाम है कि इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की परीक्षा बिना किसी बाधा के संपन्न हुई।
उपस्थिति के आंकड़े
परीक्षा के आंकड़ों के अनुसार, जनपद में कुल 11,568 परीक्षार्थियों को पंजीकृत किया गया था। इनमें से 5,078 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 6,492 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। यह दर्शाता है कि लगभग 43.9% परीक्षार्थियों ने परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या के बावजूद, प्रशासन ने गुणवत्ता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया, जो परीक्षा की विश्वसनीयता को और बढ़ाता है।
सफल आयोजन आगामी मुख्य परीक्षा के लिए भी एक सकारात्मक संकेत है। चंदौली प्रशासन ने यह साबित कर दिया है कि वह बड़े स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं को भी सुचारू और निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने में सक्षम है। इस सफल आयोजन से न केवल अभ्यर्थियों में विश्वास बढ़ा है, बल्कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की छवि भी और मजबूत हुई है। अब सभी की निगाहें परीक्षा परिणाम पर टिकी हैं, जो जल्द ही घोषित किए जाएंगे। इस प्रकार की निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली से योग्य और मेधावी छात्रों को अपना स्थान बनाने का उचित अवसर प्राप्त होता है।
एटा में कड़ी निगरानी में हुई आरओ-एआरओ परीक्षा
एटा जनपद में रविवार को समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाएं की गईं। एटा जनपद में कुल 22 परीक्षा केंद्रों पर9000 से ज्यादा अभ्यर्थियों की परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए सुबह से ही भारी सुरक्षा बल की तैनाती के बीच परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष बनाए रखने हेतु प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की देखरेख में परीक्षा का संचालन हुआ।
डीएम प्रेम रंजन सिंह और एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सर्तकता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह द्वारा क्रिश्चन एग्रीकल्चर इंटर कॉलेज, असीसी कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, श्याम बिहारी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज, सरस्वती मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, वीपीएस पब्लिक स्कूल, डॉ. लोकमन दास पब्लिक स्कूल, रोहनलाल चतुर्वेदी स्कूल सहित अनेक परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी जिला कंट्रोल रूम से सीसीटीवी की लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से की गई, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
परीक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था की है। आज शहर में कांवड़ यात्रा के चलते यातायात पर अतिरिक्त दबाव देखने को मिला। इसी के मद्देनज़र प्रमुख मार्गों पर 250 से अधिक पुलिस एवं ट्रैफिक कर्मियों, महिला कांस्टेबलों, पीएसी जवानों की तैनाती की गई।कलेक्ट्रेट रोड, अस्पताल रोड, थाना कोतवाली मार्ग तथा पीली कोठी से घंटाघर तक के प्रमुख रूटों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि "परीक्षा में सिर्फ प्रतिभा चलेगी, नकल को सख्त नो एंट्री दी गई है।" पुलिस और प्रशासन का संयुक्त प्रयास परीक्षा को पूर्णत: सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की दिशा में अच्छा प्रयास सिद्ध हुआ।
मथुरा DM व SSP ने कोषागार व परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी / सहायक समीक्षा अधिकारी आदि (प्रारंभिक) परीक्षा के दृष्टिगत मथुरा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद नजर आया। परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता को सुनिश्चित करने हेतु आज प्रातः जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय/कोषागार मथुरा का निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि इस परीक्षा के प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाएं आयोग के निर्देशानुसार मथुरा कोषागार में पूर्व से ही सुरक्षित रखी गई थीं। आज 27 जुलाई को प्रातः 5:30 बजे, मथुरा जनपद के 51 परीक्षा केंद्रों के लिए नियुक्त 51 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा सामग्री कोषागार से विधिवत उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने कोषागार परिसर में स्वयं उपस्थित रहकर इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी की और सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को समय से एवं सुरक्षा के साथ अपने परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना होते देखा।
कोषागार निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हजारी मल सोमानी नगर निगम इंटर कॉलेज, वृंदावन परीक्षा केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर उपस्थित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और परीक्षा की निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संपन्नता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान केंद्र की साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे की कार्यशीलता सहित सभी बिंदुओं पर गहन अवलोकन किया गया।
सिद्धार्थनगर में DM ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
सिद्धार्थनगर में समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिद्धार्थ शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान करौंदा मशीना, रतन सेन डिग्री कॉलेज, रतन सेन इंटर कॉलेज, तिलक इंटरमीडिएट कॉलेज समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे, परीक्षा कक्ष आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। साथ ही परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि न हो, इसके लिए सतर्कता बरती जाए।
डॉ. राजा गणपति आर. ने कहा कि परीक्षा के दौरान शुचिता और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने सभी नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे समय से अपने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें।
हरदोई में आरओ- एआरओ परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न
आरओ- एआरओ परीक्षा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण व शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिलाधिकारी अनुनय झा व पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने व्यवस्थाओं की निर्बाधता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। दोनों अधिकारी प्रातः काल सबसे पहले सीएसएन पीजी कॉलेज पहुंचे। वहाँ उन्होंने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं को देखा व सीसीटीवी कैमरे की सक्रियता को परखा।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिए कि परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थी के पास उपलब्ध मोबाइल व अन्य सामान क्लॉक रूम में रखवाने की व्यवस्था की जाए। गाड़ियों की पार्किंग नियत स्थान पर ही कराई जाए। सीएसएन पीजी कॉलेज के बाद जिलाधिकारी अनुनय झा व पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन बघौली स्थित आर्चीशा पब्लिक स्कूल पहुंचे। यहाँ पर उन्होंने परीक्षा में परीक्षार्थियों की जाँच प्रक्रिया को देखा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से संवाद किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जालौन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में सम्पन्न हुई समीक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के लिए डीएम-एसपी समेत प्रसाशनिक अमले ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। जहां व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। गौरतलब हो कि परीक्षा के लिए जिले में कुल 19 केंद्र बनाए गए थे। जिनमें रविवार को कुल 8088 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से केवल 3382 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 4706 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की निगरानी के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, एस.आर. पब्लिक स्कूल, बेनी माधव तिवारी इंटर कॉलेज आटा, महर्षि विद्या मंदिर एवं एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल जैसे प्रमुख केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई तथा केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
कानपुर देहात में आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा-2023 शांतिपूर्वक सम्पन्न
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी / सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ/एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा-2023 आज 06 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी आलोक सिंह के कुशल नेतृत्व में परीक्षा की संपूर्ण व्यवस्था का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया गया। परीक्षा को सुचारु एवं निष्पक्ष रूप से संचालित कराने हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा पूर्व से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं।
जनपद में बनाये गए केंद्रों में अकबरपुर डिग्री कॉलेज, माती रोड में कुल पंजीकृत 480 छात्र छात्राओं के सापेक्ष 238 उपस्थित व 242 अनुपस्थित, अकबरपुर इंटर कॉलेज, रूरा रोड में कुल पंजीकृत 480 छात्र छात्राओं के सापेक्ष 226 उपस्थित व 254 अनुपस्थित, श्री कृष्ण औद्योगिक इण्टर कालेज मोहम्मदपुर में कुल पंजीकृत 384 छात्र छात्राओं के सापेक्ष 153 उपस्थित व 231 अनुपस्थित, श्री राम स्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज, पुखरायां में कुल पंजीकृत 384 छात्र छात्राओं के सापेक्ष 169 उपस्थित व 215 अनुपस्थित, विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, विवेकानंद नगर पुखरायां में कुल पंजीकृत 384 छात्र छात्राओं के सापेक्ष 143 उपस्थित व 241 अनुपस्थित रहे तथा आर0पी0एस0 इंटर कॉलेज, वार्ड नं0 02 अम्बेडकर नगर रूरा में कुल पंजीकृत 480 छात्र छात्राओं के सापेक्ष 188 उपस्थित व 292 अनुपस्थित रहे, इस प्रकार कुल पंजीकृत 2592 छात्र छात्राओं के सापेक्ष 1117 उपस्थित व 1475 अनुपस्थित रहे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे जो केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी बनाए रखे हुए थे।
खीरी : सख्त निगरानी और कड़ी सुरक्षा में सम्पन्न हुई RO-ARO परीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित आरओ-एआरओ परीक्षा रविवार को जनपद के 36 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक सतर्कता के बीच शांतिपूर्वक एवं नकलविहीन माहौल में सम्पन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। जनपद के कुल 14849 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6925 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 7924 अनुपस्थित रहे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा सम्पन्न हुई। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की कोई सूचना नहीं मिली। परीक्षा के दौरान डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल एवं एसपी संकल्प शर्मा स्वयं मॉनिटरिंग मोड में रहे। दोनों अधिकारियों ने जीजीआईसी, डॉन बॉस्को स्कूल, अजमानी इंटरनेशनल स्कूल समेत कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर तथा स्टैटिक मजिस्ट्रेटों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्देश दिए कि आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन हो तथा परीक्षार्थियों को शांत, सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिले। एसपी ने पुलिस बल को सतर्क और संवेदनशील रहने के निर्देश दिए।


