TRENDING TAGS :
Saharanpur: बरसात से पहले विधायक ने उठाईं 32 गांवों की समस्याएं, जल निकासी को लेकर नगर निगम से मांग
Saharanpur News: सहारनपुर में विधायक आशु मलिक ने बरसात से पहले नगर निगम पहुंचकर 32 गांवों और कॉलोनियों की जल निकासी समस्याएं उठाईं। नालों की सफाई और समाधान की मांग की।
Saharanpur News
Saharanpur News: बरसात के मौसम से पहले जलभराव और जल निकासी की समस्या को लेकर सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी विधायक आशु मलिक सक्रिय नजर आए। विधायक ने नगर निगम पहुंचकर नगर आयुक्त से मुलाकात की और नगर निगम क्षेत्र में शामिल 32 गांवों व आउटर कॉलोनियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
इस दौरान उनके साथ सपा जिला अध्यक्ष, कई पार्षद और पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। विधायक आशु मलिक ने नगर आयुक्त सीपू गिरी को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब इन मुद्दों को उठाया गया है। पिछले चार वर्षों से लगातार विधानसभा, दिशा समिति की बैठकों और विभिन्न सरकारी मंचों पर इन समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है।विधायक ने बताया कि नगर निगम में शामिल कई क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था बेहद खराब है। दानिश कॉलोनी, गुलदस्ता कॉलोनी, कैलाश विहार, एकता कॉलोनी, इनाम कॉलोनी और विश्वास नगर समेत कई इलाकों में बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। कई बार हालात इतने खराब हो जाते हैं कि स्थानीय लोगों को घरों से बाहर निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आशु मलिक ने कहा कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में भी इस समस्या को उठाया गया था, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से मांग की कि बारिश शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई कराई जाए और जल निकासी की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।उन्होंने 32 गांवों को ग्रामीण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था से हटाकर शहरी क्षेत्र की 24 घंटे बिजली आपूर्ति से जोड़ने के लिए किए गए प्रयासों का भी जिक्र किया। विधायक ने कहा कि इस दिशा में लंबे संघर्ष के बाद पिछले कुछ महीनों में सफलता मिली है।नगर आयुक्त ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। हालांकि विधायक ने स्पष्ट कहा कि जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का धरातल पर समाधान चाहती है।


