TRENDING TAGS :
Saharanpur News: आशु मलिक का भाजपा पर तंज, बोले- सभा में 50 लोग भी नहीं थे
Saharanpur News: सपा विधायक ने इमरान मसूद की नाराजगी और ओवैसी को गॉड ऑफ ऑनर देने पर रखी बात, दावा किया कि 2027 में सपा गठबंधन प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा।
आशु मलिक का भाजपा पर तंज, बोले- सभा में 50 लोग भी नहीं थे (Photo- Newstrack)
Saharanpur News: सहारनपुर उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी की पहली प्रत्याशी सूची में सहारनपुर देहात विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक आशु मलिक को दोबारा टिकट मिलने के बाद उन्होंने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार जताया। इस दौरान उन्होंने इमरान मसूद की नाराजगी, सपा-कांग्रेस गठबंधन और ओवैसी को गॉड ऑफ ऑनर दिए जाने के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी।
अखिलेश यादव और जनता का जताया आभार
आशु मलिक ने दोबारा प्रत्याशी बनाए जाने पर अखिलेश यादव और सहारनपुर की जनता का दिल से आभार जताया। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि सपा ने अपनी जीती हुई सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं, जबकि कांग्रेस की मौजूदा सीटें उसी के पास हैं। बाकी सीटों पर दोनों दलों के वरिष्ठ नेता बातचीत कर रहे हैं। ऐसे में सीट बंटवारे को लेकर बेवजह विवाद नहीं होना चाहिए।
भाजपा के कार्यक्रम में खाली कुर्सियों का किया दावा
भाजपा की समरसता संकल्प यात्रा और प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम पर निशाना साधते हुए आशु मलिक ने कहा कि भाजपा पीडीए की ताकत से डरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि सहारनपुर में भाजपा के कार्यक्रम में कुर्सियां खाली थीं और आपस में लोग लड़ रहे थे। वहां 40-50 लोग भी मौजूद नहीं थे। उनके मुताबिक भाजपा हताश और निराश है।
ओवैसी और तीसरे मोर्चे पर भी बोले
ओवैसी को गॉड ऑफ ऑनर दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग चर्चा में बने रहना चाहते हैं। मुलायम सिंह यादव के कथन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में चर्चा, पर्चा और खर्चा जैसी बातें होती रहती हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि जो दिखाया जा रहा है, उसके साथ यह भी देखना चाहिए कि क्या छिपाया जा रहा है।
चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने और तीसरे मोर्चे पर उन्होंने कहा कि हर पार्टी को अपना नेता घोषित करने का अधिकार है। उनका एकमात्र लक्ष्य उत्तर प्रदेश की जनता को मौजूदा सरकार से छुटकारा दिलाना है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी गठबंधन प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।


