TRENDING TAGS :
Saharanpur News: नाज़िया इलाही ख़ान के खिलाफ FIR की मांग, SSP को सौंपा ज्ञापन
Saharanpur News: धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने SSP को ज्ञापन सौंपा। मामले में निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
नाज़िया इलाही ख़ान के खिलाफ FIR की मांग, SSP को सौंपा ज्ञापन (Photo- Newstrack)
Saharanpur News: सहारनपुर में नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना पत्र सौंपकर नाज़िया इलाही ख़ान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि नाज़िया इलाही ख़ान ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के संबंध में कथित रूप से ऐसी टिप्पणियां की हैं, जिनसे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
धार्मिक सौहार्द प्रभावित होने की जताई आशंका
प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ताओं ने कहा है कि आरोपी की ओर से की गई कथित टिप्पणियां समाज में धार्मिक वैमनस्य फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास हैं। उनका कहना है कि यह कथित कृत्य जानबूझकर किया गया है, जिससे विभिन्न समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
इन धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ताओं ने अपने प्रार्थना पत्र में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 299, 196 और 353 के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी प्रक्रिया के अनुसार उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग
प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते आवश्यक कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रह सकती है। शिकायतकर्ताओं ने एसएसपी से अनुरोध किया है कि संबंधित थाने को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए जाएं, मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कानून के दायरे में रहकर न्याय की मांग
शिकायतकर्ताओं ने अपने प्रार्थना पत्र में स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य कानून के दायरे में रहकर न्याय की मांग करना है। साथ ही उन्होंने समाज में शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द बनाए रखने की बात भी कही है।


