TRENDING TAGS :
Saharanpur में ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ा, परिवार को 5 लाख तक इलाज
Saharanpur News: सीएम योगी की घोषणा के बाद मानदेय 2500 से बढ़ाकर 3500 रुपये प्रतिमाह किया गया। सहारनपुर के 1047 ग्राम प्रहरियों को मिलेगा लाभ।
Saharanpur में ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ा, परिवार को 5 लाख तक इलाज (Photo- Newstrack)
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रहरियों के मानदेय में बढ़ोतरी और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधा देने की घोषणा की है। इसी को लेकर सहारनपुर पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्राम प्रहरियों ने वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना। इस दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, मंडलायुक्त, डीआईजी, एसएसपी, जनप्रतिनिधि और विधायक मौजूद रहे। समारोह में ग्राम प्रहरियों को सम्मानित भी किया गया।
2500 से बढ़कर 3500 रुपये हुआ मानदेय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के ग्राम प्रहरियों को संबोधित किया। सरकार ने उनका मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये करने की घोषणा की है। इसके साथ ही ग्राम प्रहरियों के परिवारों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का भी फैसला किया गया है। इस निर्णय से प्रदेश के करीब 68 हजार ग्राम प्रहरियों को लाभ मिलेगा।
सहारनपुर के 1047 ग्राम प्रहरियों को मिलेगा लाभ
पीडब्ल्यूडी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों के लोग इस कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। सहारनपुर जिले में करीब 1047 ग्राम प्रहरी हैं, जिन्हें सरकार के इस फैसले का लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी ग्राम प्रहरियों को बधाई देते हुए कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पहली बार उनके मानदेय में बढ़ोतरी की गई थी। अब दूसरी बार मानदेय बढ़ाकर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है।
गांवों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं ग्राम प्रहरी
मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि ग्राम प्रहरी गांवों की सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। गांव में होने वाली घटनाओं की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रहती है। उनकी सूचनाओं के आधार पर पुलिस संभावित अपराधों को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद हासिल करती है। उनकी सक्रियता से कई बड़े अपराधों को रोकने में भी सहायता मिलती है।
गंभीर बीमारी में परिवार को मिलेगी राहत
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों के परिवारों की चिंता करते हुए पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने की घोषणा की है। किसी परिवार को गंभीर बीमारी या अचानक संकट का सामना करना पड़े तो यह सुविधा बड़ी राहत दे सकती है। शारदीय नवरात्र के अवसर पर मिली इस सौगात से ग्राम प्रहरियों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा मिलेगी। सरकार का यह फैसला गांवों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में भी मददगार साबित होगा।


