TRENDING TAGS :
Saharanpur News: शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, अंग्रेजी की 1400 पेटी बरामद
Saharanpur News: सरसावा पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में चंडीगढ़ बिक्री वाली 1400 पेटी अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक पकड़ा गया, तस्कर गिरफ्तार हुआ।
शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, अंग्रेजी की 1400 पेटी बरामद (Photo- Newstrack)
Saharanpur News: सहारनपुर। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरसावा पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1400 पेटी अंग्रेजी शराब से भरे एक कैंटर/ट्रक को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप क्षेत्र से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर सरसावा-अंबाला रोड स्थित टोल प्लाजा के आगे संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया।
तलाशी में ट्रक से 1400 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कैंटर को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक से 1400 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जो विभिन्न ब्रांडों की थी और जिन पर केवल चंडीगढ़ राज्य में बिक्री हेतु अनुमन्य अंकित था। मौके से ट्रक चालक मोहन लाल पुत्र गुणेश राम निवासी लीलासर कोलू, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर विभिन्न राज्यों में अधिक कीमत पर सप्लाई करता था। इस अवैध कारोबार से होने वाली कमाई को सभी साथी आपस में बांट लेते थे।
कार्रवाई में जुटी पुलिस
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सरसावा में आबकारी अधिनियम एवं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और शराब तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी है। बरामद ट्रक को भी कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


