Saharanpur News: समूह सखी महिलाओं के वेतन बढ़ाने की मांग, JDS ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापान

Saharanpur News: जेडीएस ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर समूह सखी महिलाओं का मानदेय 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने, नियमित वेतन और अन्य सुविधाएं देने की मांग उठाई।

Neena Jain
Published on: 15 Jun 2026 5:58 PM IST (Updated on: 15 Jun 2026 6:01 PM IST)
Group Friends Women Demanding Salary Increase, JDS Names Chief Minister
X

समूह सखी महिलाओं के वेतन बढ़ाने की मांग, JDS ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापान (Photo- Newstrack)

Saharanpur News: सहारनपुर। जनता देश संगठन (जेडीएस) के नेतृत्व में आज जिला मुख्यालय पर समूह सखी महिलाओं की विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत कार्यरत समूह सखी महिलाओं का मानदेय बढ़ाने की मांग उठाई।

जेडीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार फौजी ने कहा कि समूह सखी महिलाएं वर्षों से गांव-गांव जाकर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन उन्हें मात्र 800 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो बेहद कम और महिलाओं के साथ अन्याय है।

वेतन वृद्धि के लिए लगातार संघर्ष

उन्होंने कहा कि संगठन पिछले 22 महीनों से महिलाओं के वेतन वृद्धि के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है, लेकिन सरकार और प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समूह सखी महिलाओं को अक्सर उन दिनों बैठकों और कार्यक्रमों में बुलाया जाता है, जब उन्हें अपनी मांगों को लेकर धरने में शामिल होना होता है।

कई बार उन्हें डराने-धमकाने की भी शिकायतें सामने आई हैं। संगठन ने समूह सखी महिलाओं का मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने, नियमित वेतन सीधे बैंक खाते में भेजने, यूनिफॉर्म, पहचान पत्र तथा मातृत्व अवकाश सहित अन्य सुविधाएं देने की मांग की।

मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन

सुरेश कुमार फौजी ने बताया कि दिसंबर 2025 में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को भी ज्ञापन देकर समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। धरने के दौरान जिलाधिकारी से मुलाकात नहीं हो सकी, हालांकि सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Neena Jain
ABOUT THE AUTHOR

Neena Jain

Next Story