Saharanpur News: विश्व पर्यावरण दिवस पर सहारनपुर न्यायपालिका की अनूठी पहल, साइकिल से पहुंचे न्यायालय

Saharanpur News: विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला जज सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में न्यायिक अधिकारी साइकिल और ई-स्कूटी से न्यायालय पहुंचे, वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Neena Jain
Published on: 5 Jun 2026 9:55 PM IST
Unique initiative of Saharanpur Judiciary on World Environment Day, court reaches court by bicycle
X

विश्व पर्यावरण दिवस पर सहारनपुर न्यायपालिका की अनूठी पहल, साइकिल से पहुंचे न्यायालय (Photo- Newstrack)

Saharanpur News: सहारनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सहारनपुर जिला न्यायपालिका ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक प्रेरणादायक पहल की। जिला जज सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में सभी अपर जिला जजों, न्यायिक अधिकारियों एवं अन्य जजों ने अपने-अपने आवासों से साइकिल और ई-स्कूटी के माध्यम से जिला न्यायालय पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। न्यायालय परिसर पहुंचने के बाद सभी अधिकारियों ने वृक्षारोपण भी किया।

पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए अपील

जिला जज सत्येंद्र कुमार ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अधिकाधिक वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए सभी को संसाधनों का सीमित उपयोग करना चाहिए। इसी उद्देश्य से न्यायिक अधिकारियों ने एक दिन साइकिल से न्यायालय आने का निर्णय लिया, ताकि पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) मीनाक्षी सिन्हा ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए सभी को अपना योगदान देना चाहिए।

ई-स्कूटी का उपयोग करें

उन्होंने बताया कि साइकिल और ई-स्कूटी का उपयोग न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी है, बल्कि इससे स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। उन्होंने लोगों से सप्ताह में कम से कम एक दिन ईंधन आधारित वाहनों का उपयोग कम करने की अपील की। न्यायिक अधिकारी पूजा गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी न्यायिक अधिकारियों ने बिना पेट्रोल-डीजल वाले साधनों से न्यायालय आने का संकल्प लिया था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आम जनता को जागरूक करना और साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना है। साथ ही ईंधन की बचत और प्रदूषण नियंत्रण के लिए समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। न्यायपालिका की इस अनूठी पहल को लोगों ने सराहा और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।

Neena Jain
ABOUT THE AUTHOR

Neena Jain

Next Story