Saharanpur News: ड्रोन की पैनी नजर में कांवड़ यात्रा, पुलिस ने हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था की लागू

Saharanpur News: सहारनपुर में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान ड्रोन, सीसीटीवी, क्यूआरटी टीम और पुलिस बल की मदद से सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Neena Jain
Published on: 6 Aug 2026 10:18 PM IST
Saharanpur News
X

ड्रोन की पैनी नजर में कांवड़ यात्रा, पुलिस ने हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था की लागू (Photo- Newstrack)

Saharanpur News: सहारनपुर में श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह हाईटेक बना दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों, संवेदनशील स्थानों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और शिविर स्थलों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार हवाई निगरानी की जा रही है।

ड्रोन से भीड़ की स्थिति, यातायात व्यवस्था पर नजर

ड्रोन से मिलने वाली लाइव फुटेज पर पुलिस कंट्रोल रूम और फील्ड में तैनात अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं। इसके जरिए भीड़ की स्थिति, यातायात व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। यदि कहीं भी अधिक भीड़, जाम, संदिग्ध व्यक्ति या कोई आपात स्थिति दिखाई देती है तो संबंधित पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि ड्रोन सर्विलांस से न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा मजबूत हुई है, बल्कि यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। ड्रोन निगरानी के अलावा पूरे कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे, पुलिस पिकेट, मोबाइल गश्त, क्यूआरटी टीम और यातायात पुलिस भी लगातार सक्रिय है।

यातायात नियमों का पालन करें- सहारनपुर पुलिस

सहारनपुर पुलिस ने कांवड़ श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस या आपातकालीन सेवा 112 पर दें।पुलिस का दावा है कि आधुनिक तकनीक और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के जरिए कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Neena Jain
ABOUT THE AUTHOR

Neena Jain

वरिष्ठ संवाददाता, सहारनपुरneenajainsre@gmail.com
Next Story