TRENDING TAGS :
Saharanpur News: मोदी सरकार के 12 साल: सुनील शर्मा ने गिनाईं उपलब्धियां, एयरपोर्ट सेवा जल्द शुरू
Saharanpur News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रभारी मंत्री सुनील शर्मा ने विकास योजनाओं और आर्थिक प्रगति का ब्योरा दिया, एयरपोर्ट सेवा जल्द शुरू होने का भरोसा दिलाया।
Saharanpur News: सहारनपुर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने सर्किट हाउस सभागार में प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, डिजिटल परिवर्तन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में भारत विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जबकि आज चौथे स्थान पर पहुंच चुका है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करना है।
पीएम योजनाओं के बारे में दी जानकारी
प्रेस वार्ता में जनधन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और मुद्रा योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया गया।
मंत्री ने दावा किया कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचा है, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है।पत्रकारों ने महंगाई, बेरोजगारी और रुपये की गिरती कीमत को लेकर सवाल उठाए।
इस पर मंत्री ने कहा कि 25 करोड़ लोगों का गरीबी रेखा से बाहर निकलना सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों का असर सभी देशों पर पड़ता है, लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है।
एयरपोर्ट सेवा जल्द होगी शुरू
सहारनपुर एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने के संबंध में पूछे गए सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं तेजी से चल रही हैं। उन्होंने बताया कि केवल टर्मिनल भवन तैयार होना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि एयर रूट, सेवा प्रदाताओं और अन्य एजेंसियों की मंजूरी भी आवश्यक होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सहारनपुर एयरपोर्ट से जल्द ही उड़ान सेवाएं शुरू की जाएंगी।


