Saharanpur News: कोर्ट परिसर में चला सघन सुरक्षा अभियान, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने की जांच

Saharanpur News: सहारनपुर कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने परिसर के विभिन्न हिस्सों की जांच कर सुरक्षा मानकों का आकलन किया। पुलिस प्रशासन ने किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती।

Neena Jain
Published on: 15 Jun 2026 6:19 PM IST
Saharanpur News
X

Saharanpur News(Photo-Social Media)

Saharanpur News: जिला न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान भारी पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (BDDS) की टीम अचानक कोर्ट परिसर पहुंची। सुरक्षा एजेंसियों की मौजूदगी से कुछ समय के लिए परिसर में हलचल का माहौल रहा, हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि यह नियमित सुरक्षा जांच का हिस्सा है। अभियान के दौरान न्यायालय परिसर के एंट्री और एग्जिट गेट, पार्किंग स्थल, न्यायालय भवन के आसपास के क्षेत्र तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई। डॉग स्क्वायड की सहायता से खड़े वाहनों और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई, जबकि बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरे परिसर का निरीक्षण किया। न्यायालय में आने-जाने वाले लोगों से भी पूछताछ कर उनकी पहचान सुनिश्चित की गई।

एएसपी मनोज यादव ने बताया कि न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाते हैं। उन्होंने कहा, “पुलिस द्वारा न्यायालय सुरक्षा को लेकर नियमित रूप से चेकिंग की जाती है। इसी क्रम में थाना सदर बाजार पुलिस, बीडीडीएस टीम, डॉग स्क्वायड तथा कचहरी सुरक्षा में तैनात कर्मियों के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया।

न्यायालय परिसर में मौजूद पार्किंग स्पॉट, वहां खड़ी मोटरसाइकिलों और चार पहिया वाहनों की विधिवत जांच की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। हमारा मुख्य उद्देश्य न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुरक्षित बनाए रखना है और यह सुनिश्चित करना है कि परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या वाहन मौजूद न हो। अभी तक की जांच में किसी भी प्रकार का संदिग्ध वाहन, व्यक्ति या वस्तु नहीं मिली है।” पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी न्यायालय सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर ऐसे सुरक्षा अभियान जारी रहेंगे, ताकि आमजन और न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Neena Jain
ABOUT THE AUTHOR

Neena Jain

Next Story