Saharanpur News: सहारनपुर में जहरीली शराब का भंडाफोड़, यूरिया मिलाकर बन रही थी अवैध शराब; 5 गिरफ्तार

Saharanpur News: सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र में पुलिस ने जहरीली और अपमिश्रित शराब बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। यूरिया मिलाकर अवैध शराब तैयार करने के मामले में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Neena Jain
Published on: 24 Jun 2026 10:49 PM IST
Saharanpur News: सहारनपुर में जहरीली शराब का भंडाफोड़, यूरिया मिलाकर बन रही थी अवैध शराब; 5 गिरफ्तार
X

Saharanpur News

Saharanpur News: जिले के थाना बड़गांव क्षेत्र में पुलिस ने अवैध और अपमिश्रित शराब के बड़े कारोबार का पर्दाफाश करते हुए एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी यूरिया मिलाकर कच्ची शराब तैयार कर रहे थे, जो लोगों के स्वास्थ्य और जीवन के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़गांव पुलिस ने ग्राम सावंतखेड़ी में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अंकित, अमृत, शेरू उर्फ शेर सिंह, मीना और सनिता को गिरफ्तार किया। मौके पर संचालित अवैध शराब की भट्टी को भी ध्वस्त कर दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 610 लीटर अवैध अपमिश्रित कच्ची शराब, 800 लीटर लहन, 5 किलोग्राम यूरिया तथा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी शराब की मात्रा बढ़ाने और उसे अधिक नशीला बनाने के लिए यूरिया का इस्तेमाल कर रहे थे। विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार की अपमिश्रित शराब का सेवन जानलेवा साबित हो सकता है।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस अवैध कारोबार में पिता, मां और उनके दो बेटे सक्रिय रूप से शामिल थे। इनके साथ गांव की एक अन्य महिला भी इस धंधे में संलिप्त पाई गई।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शेरू उर्फ शेर सिंह के खिलाफ पहले से ही आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

Neena Jain
ABOUT THE AUTHOR

Neena Jain

Next Story