Saharanpur News: भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, 151 फीट लंबे तिरंगे ने खींचा लोगों का ध्यान

Saharanpur News: सहारनपुर में भाजपा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। 151 फीट लंबे तिरंगे ने लोगों का ध्यान खींचा। यात्रा में शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी गई।

Neena Jain
Published on: 13 Aug 2026 4:59 PM IST
Saharanpur News: भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, 151 फीट लंबे तिरंगे ने खींचा लोगों का ध्यान
X

Saharanpur News

Saharanpur News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से सहारनपुर महानगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।तिरंगा यात्रा में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों द्वारा 151 फीट लंबा तिरंगा लेकर शामिल होना प्रमुख आकर्षण रहा। विशाल तिरंगे को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुटी और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

शहीदों को नमन करने के लिए निकाली गई यात्रा

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पार्टी की ओर से देशभर में तिरंगा यात्रा अभियान चलाया जा रहा है। 10 से 12 अगस्त तक मंडल स्तर पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में 13 अगस्त को महानगर और जिले की संयुक्त तिरंगा यात्रा निकाली गई।उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य देश के लिए अपना जीवन बलिदान करने वाले वीर शहीदों को नमन करना और नई पीढ़ी को उनके त्याग एवं बलिदान से परिचित कराना है। यात्रा के दौरान विभिन्न शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।स्टेडियम से शुरू हुई तिरंगा यात्रा घंटाघर पहुंची। यहां जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद यात्रा दीवानी कचहरी और कलेक्ट्रेट होते हुए गांधी पार्क स्थित लीला भवन पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।

14 अगस्त को संगोष्ठी और मौन जुलूस

अजीत राणा ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके बाद मौन जुलूस भी निकाला जाएगा। वहीं, 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रत्येक घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की गई है।उन्होंने कहा कि 15 अगस्त की शाम कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि झंडा संहिता के अनुसार अपने घरों पर लगाए गए तिरंगे को सम्मानपूर्वक उतारेंगे। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है।

Neena Jain
ABOUT THE AUTHOR

Neena Jain

वरिष्ठ संवाददाता, सहारनपुरneenajainsre@gmail.com
Next Story