Saharanpur News: भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी में अनबन की अटकलों पर विनय रतन सिंह का बड़ा बयान

Saharanpur News: सहारनपुर दौरे पर भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के बीच अनबन की खबरों को खारिज करते हुए दोनों संगठनों को एक परिवार का हिस्सा बताया।

Neena Jain
Published on: 18 Jun 2026 3:43 PM IST
Saharanpur News: भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी में अनबन की अटकलों पर विनय रतन सिंह का बड़ा बयान
X

Saharanpur News

Saharanpur News: सहारनपुर दौरे पर पहुंचे भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने उन तमाम अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की, जिनमें आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के बीच अनबन की बात कही जा रही थी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोनों संगठन एक ही परिवार का हिस्सा हैं और किसी भी परिवार में छोटी-मोटी नोकझोंक होना सामान्य बात है।

चंद्रशेखर आजाद के साथ रिश्तों को लेकर उठ रहे सवालों पर विनय रतन सिंह ने एक कहावत का उल्लेख करते हुए कहा कि जब चार बर्तन एक जगह रखे होते हैं, तो उनके बीच टकराव होना स्वाभाविक है। इसका यह अर्थ नहीं है कि संगठन किसी भी तरह से कमजोर हो रहा है। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले करीब दस दिनों से उनकी चंद्रशेखर आजाद से बातचीत नहीं हुई है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि संघर्ष के शुरुआती दिनों के साथी हमेशा उनकी पहली प्राथमिकता रहेंगे और भारत एकता मिशन सामाजिक परिवर्तन के अपने मूल उद्देश्य पर दृढ़ता से कार्य करता रहेगा।

लगातार खतरे का साया, प्रशासन से मांगी सुरक्षा

अपने दौरे के दौरान विनय रतन सिंह ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार खतरे की आशंका बनी हुई है, जिसके चलते उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका तर्क है कि जब राजनीति और समाज सेवा से जुड़े अन्य लोगों को सरकार सुरक्षा प्रदान कर सकती है, तो उनके मामले में यह सुविधा क्यों नहीं दी जा रही है। उन्होंने प्रशासन से उन्हें भी पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की।

यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर विनय रतन सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी और संगठन पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे। उन्होंने दावा किया कि राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है।उन्होंने विपक्षी दलों को भी एकजुट होने की सलाह दी। उनका कहना था कि विपक्ष को महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं जैसे जनहित के मुद्दों पर सड़क पर उतरकर संघर्ष करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने अपनी ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ को लेकर भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी और जल्द ही इसका दूसरा चरण और अधिक मजबूती के साथ शुरू किया जाएगा।

Neena Jain
ABOUT THE AUTHOR

Neena Jain

Next Story