TRENDING TAGS :
Saharanpur News: सहारनपुर हत्याकांड का खुलासा, पड़ोसी निकला हत्या और लूट का मास्टरमाइंड
Saharanpur News: सहारनपुर के अम्बेहटा पीर में महिला की हत्या और लूटकांड का खुलासा, कर्ज उतारने के लिए पड़ोसी ने दोस्त संग रची थी साजिश, दोनों गिरफ्तार।
सहारनपुर हत्याकांड का खुलासा, पड़ोसी निकला हत्या और लूट का मास्टरमाइंड (Photo- Newstrack)
Saharanpur News: सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र स्थित अम्बेहटा पीर में हुई 60 वर्षीय महिला पूनम मित्तल की सनसनीखेज हत्या और लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार इस वारदात के पीछे आर्थिक तंगी, कर्ज का दबाव और आसान पैसे की लालच मुख्य वजह रही। मामले में दो आरोपियों अंकुर गुप्ता और सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि 1 जून को पूनम मित्तल अपने घर में मृत अवस्था में मिली थीं। उनके कानों के कुण्डल और अन्य सामान भी गायब था। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना नकुड़ पुलिस, स्वॉट और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया था।
जांच में सामने आया कि मृतका का पड़ोसी अंकुर गुप्ता अपने दोस्त सलमान के साथ मिलकर लूट की योजना बना चुका था। सलमान कर्ज में डूबा हुआ था और दोनों ने तय किया कि महिला के घर से नकदी और जेवर लूटकर कर्ज चुकाया जाएगा। योजना के तहत अंकुर ने महिला से परिचय का फायदा उठाकर घर का दरवाजा खुलवाया।
महिला की गला रेतकर हत्या की गई थी
दोनों आरोपी मुंह ढककर घर में घुसे, लेकिन महिला ने अंकुर को पहचान लिया। पुलिस के मुताबिक पहचान उजागर होने के डर से दोनों आरोपियों ने मौके पर ही महिला की गला रेतकर हत्या कर दी और जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए।पुलिस ने पहले अंकुर गुप्ता को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से लूटा गया एक कुण्डल बरामद हुआ। उसकी निशानदेही पर वांछित आरोपी सलमान की तलाश की गई।
एसएसपी अभिनंदन सहारनपुर ने बताया कि घेराबंदी के दौरान सलमान ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त चाकू, लूटा गया कुण्डल और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरे क्षेत्र में इस हत्याकांड के खुलासे की चर्चा बनी हुई है।


