TRENDING TAGS :
Sambhal News: राजेश यादव सैकड़ों समर्थकों के साथ RLD में शामिल, जयंत चौधरी ने कराया स्वागत
Sambhal News: गुन्नौर (संभल) के पूर्व विधायक राजेश यादव ने केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की मौजूदगी में सैकड़ों समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की।
Sambhal News (Image Credit-Newstrack)
लखनऊ, 6 जुलाई। उत्तर प्रदेश की राजनीति में सोमवार को एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। संभल जिले की गुन्नौर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक राजेश यादव ने राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी के समक्ष पार्टी की सदस्यता लेते हुए उनके नेतृत्व में विश्वास जताया।
राजेश यादव ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोकदल का दामन थामा और पार्टी को प्रदेश में मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान राष्ट्रीय लोकदल संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद के.सी. त्यागी भी उपस्थित रहे।
पार्टी में शामिल होने के बाद राजेश यादव ने कहा कि वह जयंत चौधरी के नेतृत्व और राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने कहा कि राजेश यादव के पार्टी में शामिल होने से प्रदेश में संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और जनाधार का लाभ पार्टी को आगामी समय में मिलेगा।
अनिल दुबे ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और राजेश यादव के शामिल होने से इस अभियान को और गति मिलेगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और संभल क्षेत्र में राजेश यादव के राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होने से पार्टी की संगठनात्मक ताकत बढ़ सकती है।


