TRENDING TAGS :
Sambhal High Alert: बकरीद को लेकर संभल में हाई अलर्ट, DM-SP ने भारी पुलिस बल के साथ किया पैदल मार्च
Sambhal High Alert: बकरीद को लेकर संभल प्रशासन हाई अलर्ट पर है। डीएम और एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया। गुन्नौर समेत 30 से अधिक मस्जिदों में नमाज को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
Image Source- Social Media
Sambhal High Alert: बकरीद के त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए संभल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए डीएम और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने भारी पुलिस बल के साथ नखासा और कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
यहां पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहने और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के साथ-साथ प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न फैल सके।
अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
वहीं प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
कई इलाकों में होगी नमाज
गौरतलब हो कि, इस साल बृहस्पतिवार को बकरीद मनाई जाएगी। इस दौरान गुन्नौर और गांव सैंजना मुस्लिम समेत करीब 30 मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। प्रशासन ने इन सभी स्थानों को लेकर विशेष सुरक्षा योजना तैयार की है। नगर गुन्नौर की आबादी करीब 50 हजार बताई गई है, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत मुस्लिम परिवार रहते हैं। इसी वजह से यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
30 से ज्यादा मस्जिदों में अदा होगी नमाज
इस दौरान नगर में जामा मस्जिद, सुन्नी नूरानी मदीना मस्जिद, लाल मस्जिद, मजनू शाह मस्जिद, दालान वाली मस्जिद, काजियान मस्जिद और रजा मस्जिद समेत 30 से अधिक मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की जाएगी। इसके अलावा गांव सैंजना मुस्लिम की मदीना मस्जिद, जामा मस्जिद, पूर्व वाली मस्जिद और बीच वाली मस्जिद में भी नमाज होगी।
70 से अधिक पुलिसकर्मियों की लगाई गई ड्यूटी
गुन्नौर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने पत्रकारों को बताया कि, बकरीद के मद्देनजर 70 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन की कोशिश है कि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट को निर्धारित गड्ढों में ही डालने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पशुपालकों को नोटिस जारी कर त्योहार के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ने की हिदायत दी गई है।
मौलाना ने की नियमों का पालन करने की अपील
वहीं सुन्नी नूरानी मदीना मस्जिद के मौलाना हाफिज फुरकान रजा ने बताया कि ईद की नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू होगा, जो 30 मई के सूर्यास्त तक चलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कुर्बानी सार्वजनिक स्थानों पर न करें और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से बचें। साथ ही प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की बात कही।


