महाशिवरात्रि पर 'बुर्का' में कांवड़ यात्रा...? वीडियो वायरल होते ही तमन्ना मलिक को मिली धमकियां, संभल में गरमाया माहौल!

Sambhal Shiv Bhakt Tamanna Malik: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Priya Singh Bisen
Published on: 21 Feb 2026 11:02 AM IST (Updated on: 21 Feb 2026 11:02 AM IST)
Sambhal Shiv Bhakt Tamanna Malik
X

Sambhal Shiv Bhakt Tamanna Malik (PHOTO: SOCIAL MEDIA)

Sambhal Shiv Bhakt Tamanna Malik: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव को लेकर नई बहस छेड़ दी है। असमोली थाना क्षेत्र के बदनपुर बसई गांव की निवासी शिवभक्त तमन्ना मलिक को बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा करने के बाद कथित तौर पर धमकियां मिलना शुरू हो गई हैं। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है मामला ?

जानकारी के मुताबिक, तमन्ना मलिक ने महाशिवरात्रि के पावन मौके पर अपने हिंदू पति अमन त्यागी के साथ हरिद्वार से गंगाजल लाकर शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। जानकारी में सामने आया है कि तमन्ना ने बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा की और पैदल चलकर अपने क्षेत्र के शिव मंदिर तक पहुंचीं।


उन्होंने पूरे विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसके बाद उन्हें कुछ लोगों ने धमकी देना शुरू कर दिया।

3 साल पहले किया था प्रेम विवाह

तमन्ना मलिक ने आज से करीब 3 साल पहले अपने ही गांव के रहने वाले अमन त्यागी से प्रेम विवाह किया था। तमन्ना, यासीन की बेटी हैं और अपने परिवार के साथ गांव में ही रहती हैं। शादी के बाद भी उन्होंने अपने मायके और ससुराल दोनों पक्षों से रिश्ते कायम रखे हैं। महाशिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा करने का उनका फैसला व्यक्तिगत आस्था से जुड़ा बताया जा रहा है।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

मामले को लेकर संभल के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) कुलदीप सिंह ने बताया कि तमन्ना मलिक की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और धमकी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मामला बना चर्चा का विषय

स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत आस्था और धार्मिक स्वतंत्रता का मामला बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे सामाजिक संवेदनशीलता से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, प्रशासन ने साफ़ कर दिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है और किसी को भी धमकी देने या माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट साझा करने से बचें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story