TRENDING TAGS :
'5 किलो राशन नहीं, लखनऊ-दिल्ली में शासन चाहिए', संजय निषाद के इस बयान से यूपी की सियासत में हलचल
निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद ने कहा कि समाज को अब सिर्फ 5 किलो राशन नहीं, बल्कि लखनऊ और दिल्ली की सत्ता में हिस्सेदारी चाहिए।
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच आजमगढ़ के अतरौलिया में निषाद पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराया। रविवार को भोराजपुर खुर्द स्थित कांटा वाली बाग में आयोजित संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि समाज को अब सिर्फ 5 किलो राशन नहीं, बल्कि लखनऊ और दिल्ली में शासन में हिस्सेदारी चाहिए।
37 सीटों की मांग से बढ़ाई सियासी हलचल
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने 2027 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी की राजनीतिक हिस्सेदारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि पार्टी उन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ना चाहती है, जहां निषाद समुदाय की अच्छी खासी आबादी है। इसके लिए उन्होंने भाजपा से 37 सीटों की मांग की है। इतना ही नहीं, अतरौलिया विधानसभा सीट पर भी निषाद पार्टी ने अपना दावा मजबूती से रखा।
प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में उमड़ी भीड़
इस महासम्मेलन की अगुवाई निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और अतरौलिया विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रशांत कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में क्षेत्र के गांव-गांव से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आयोजन की शुरुआत सुबह पीजीआई 100 बेड हॉस्पिटल से निकली पदयात्रा और बाइक रैली के साथ हुई। दावा किया गया कि रैली में करीब 10 हजार बाइक शामिल हुईं। अलग-अलग रास्तों से होते हुए यह रैली कांटा वाली बाग पहुंची, जहां महासम्मेलन का आयोजन किया गया।
निषाद समाज को SC में शामिल करने की मांग
डॉ. संजय निषाद ने अपने संबोधन में केवट, मल्लाह, मांझी, निषाद, कश्यप, बिंद और राजभर समेत मछुआ समाज को अनुसूचित जाति (SC) में शामिल करने की मांग दोहराई। उन्होंने समाज की राजनीतिक भागीदारी को जरूरी बताते हुए कहा कि अब समाज को सत्ता में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
प्रशांत सिंह ने दिया सर्वसमाज को साधने का संदेश
महासम्मेलन में प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल निषाद समाज के अधिकारों की बात करना नहीं है, बल्कि क्षत्रिय, ब्राह्मण, गोंड, प्रजापति, राजभर समेत सभी वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की बात कही।
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रशांत कुमार सिंह अतरौलिया सीट से दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके बाद से ही वह लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। इस महासम्मेलन को उनकी राजनीतिक सक्रियता और संगठन की ताकत के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
2027 के लिए अतरौलिया में तैयारी का संदेश
महासम्मेलन के जरिए निषाद पार्टी ने अतरौलिया में अपनी संगठनात्मक ताकत दिखाने की कोशिश की। प्रशांत कुमार सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्षेत्र की जनता, विभिन्न समाजों के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और निषाद पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर होने वाली बातचीत पर भी सबकी नजर रहेगी।


